बिहार विधानसभा चुनाव 2025: क्या पटना में RJD समर्थकों को वोट डालने से रोका जा रहा? मतदान के बीच रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट कर लगाया बड़ा आरोप

- बिहार में पहले चरण का मतदान आज
- राज्य की 121 सीटों पर हो रहा मतदान
- आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने लगाया आरोप
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में आज यानी गुरुवार को पहले चरण का मतदान है। इस दौरान राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके अपने उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाले रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर पटना से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को आरजेडी चीफ लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है। रोहिणी ने आरोप लगाया है कि पटना के एक पोलिंग बूथ पर आरजेडी समर्थकों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
आरजेडी समर्थकों को वोट डालने से रोका जा रहा - रोहिणी आचार्य
एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए रोहिणी आचार्य ने लिखा, "मतदान को प्रभावित करने के लिए वोट चोरों की कारस्तानी - धांधली के हथकंडे जारी हैं। बदलाव की जंग है, इसलिए अंतिम पल तक बूथ पर टिके रह कर सतर्क रहना निहायत जरूरी है। मतदान की प्रक्रिया को हिंसक बनाने की विरोधियों की नापाक मंशा को धैर्य व शांतिपूर्ण तरीके से नाकाम कर मतदान की गति को बरकरार रखते हुए भारी संख्या में बदलाव के लिए मतदान हो, ये सुनिश्चित करना है।"
वहीं, आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने भी एक्स पर वीडियो को शेयर किया है। उन्होंने लिखा है, "दानापुर में नसीरगंज घाट पर मतदाताओं को वोट देने से रोका जा रहा है! मतदाताओं का आरोप है कि पुलिस नाव को बूथ पर नहीं जाने दे रही है। के। चू। आ। क्या इस मामले का संज्ञान लेकर अपनी निष्पक्षता दिखाएगी?" चुनाव आयोग को टैग कर लिखा है कि इसकी पड़ताल कीजिए।"
सोशल मीडिया एक्स पर आरजेडी नेता ने किया पोस्ट
इसके अलावा रोहिणी आचार्य ने एक और वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो करनाल (हरियाणा) स्टेशन का बताया जा रहा है। ट्रेन में कुछ लोग बीजेपी का पट्टा लटकाए बैठे हैं। उनका कहना है कि वो बिहार में वोट देने के लिए जा रहे हैं। बीजेपी ने टिकट कटवाया है। इस वीडियो को रोहिणी ने करते हुए लिखा, "जनमत का हरण, हेराफेरी कर ही भाजपा - एनडीए सत्ता में बनी रहती है। फर्जी मतदान करने - कराने के लिए भाजपा शासित दूसरे राज्यों से लोगों को लाया गया है। ये सीधे तौर पर भाजपा - एनडीए की हार की हताशा को दर्शाता है।"
Created On :   6 Nov 2025 4:16 PM IST













