बिहार सियासत: चुनाव में हार के बाद RJD ने कसी कमर, 25 जनवरी को होगी बड़ी बैठक, तेजस्वी यादव को मिल सकती हैं ये अहम जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक 25 जनवरी को होने वाली है। बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद यह आरजेडी की बड़ी बैठक होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस कार्यकारिणी बैठक में तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया जा सकता है। इसका अहम कारण आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य माना जा रहा है।
25 जनवरी को आरजेडी की बड़ी बैठक
फिलहाल, तेजस्वी यादव पार्टी के महत्वपूर्ण फैसले ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनावों में अंदरखाने नेताओं पर कार्रवाई होगी। तेजस्वी यादव विदेश यात्रा के बाद लगातार एक्टिव हैं। हाल ही में तेजस्वी यादव ने पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करके कई मुद्दों पर चर्चा की थी।
माना जा रहा है कि 25 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर उनके नेतृत्व को स्वीकृति दी जा सकती है। जबकि, आरजेडी के संगठन में बढ़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। बिहार विधानसभा चुनाव में अंदरूनी कलह करने वालों के खिलाफ कार्रवाई पर भी सहमति बन सकती है। वहीं, बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों में आरजेडी खुद को और भी ज्यादा सक्रिय और आधुनिक बनाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़े -राजद नेता तेजस्वी ने बिहार सरकार पर साधा निशाना, कहा- एनडीए सरकार भ्रष्ट तंत्र और मशीनी यंत्र से निर्मित
तेजस्वी यादव को मिल सकती है ये अहम जिम्मेदारी
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी की हार और विदेश यात्रा से लौटने के बाद तेजस्वी यादव पूरी तरह से एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने गुरुवार और शुक्रवार को अपने पटना आवास पर पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई थी। इन बैठकों में संगठन की मजबूती, संगठन विस्तार, बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। ऐसे में माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव जल्द ही बिहार यात्रा पर रवाना हो सकते हैं। इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
मालूम हो कि, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में आरजेडी को करारी हार का सामना करना पड़ा था। आरजेडी महज 25 सीटों पर ही जीतने में कामयाब रही। वहीं, तेजस्वी यादव महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा थे। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद तेजस्वी यादव परिवार के साथ छुट्टी पर विदेश चले गए थे। इस पर सत्तापक्ष ने भी सवाल खड़े किए। हालांकि, अब वापस आने के बाद पूरी तरह से एक्टिव हो गए हैं।
Created On :   18 Jan 2026 3:40 PM IST












