Chandigarh BJP Office Blast: ‘अपने दरवाजे पर हो रहे धमाके, देश की क्या करेंगे सुरक्षा’, BJP ऑफिस ब्लास्ट पर TMC ने अमित शाह पर कसा तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चंडीगढ़ में बुधवार को सेक्टर 37में बीजेपी कार्यालय के बाहर जोरदार धमाका हुआ था। इस विस्फोट के पीछे चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कनवरदीप कौर ने क्रूड मटेरियल शामिल होने का संदेह जताया था। इसे लेकर अब तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर तंज कसा है टीएमसी ने कहा कि जो अपना घर-आंगन सुरक्षित नहीं रख पा रहे वे बंगाल की सुरक्षा पर लेक्चर देते हैं। टीएमसी ने कहा, 'यही बीजेपी के कानून-व्यवस्था की जमीनी हकीकत है। यहां तक कि उनका अपना पार्टी दफ्तर भी सुरक्षित नहीं है। उनके दरवाजे पर बम फट रहे हैं और वे खुद को भी नहीं बचा पा रहे हैं।'
यह भी पढ़े -एएआई 'उड़ान' विजन की रीढ़ है, भारतीय एयरपोर्ट अब विश्व स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रतीक राम मोहन नायडू
टीएमसी का अमित शाह पर निशाना
अमित शाह पर हमला बोलते हुए टीएमसी ने कहा, 'जब बंगाल में कहीं कोई मामूली सुतली बम फटता है तो आप तुरंत NIA भेज देते हैं और 24×7 कानून-व्यवस्था के बिगड़ने का शोर मचाते हैं। लेकिन जब आपके अपने BJP दफ्तर के ठीक बाहर एक जोरदार धमाका होता है तो आप अचानक चुप क्यों हो जाते हैं? गृह मंत्री अमित शाह अब आपकी एनआईए कहां है? यह आपके पाखंड और दोहरे मापदंडों को पूरी तरह से बेनकाब करता है। आपकी डबल इंजन की सरकार अपने ही घर-आंगन को सुरक्षित नहीं रख पा रहा, फिर भी आप बंगाल को सुरक्षा पर लेक्चर देते हैं?'
बता दें, बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। इस धमाके से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कनवरदीप कौर ने मीडिया को बताया कि लगभग 5 बजे पुलिस को बीजेपी कार्यालय के बाहर जोरदार धमाके जैसी आवाज की जानकारी मिली।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान में ईंधन कीमतों में उछाल बाहरी संकट नहीं, आंतरिक कुप्रबंधन और नीतिगत फैसले असली वजह रिपोर्ट
मौके पर पहुंची एनआईए की टीम
एसएसपी कौर ने कहा, 'मेरी टीम और मैं तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर लगता है कि यहां कुछ कच्चा पदार्थ फेंका गया हो सकता है। एनआईए और एफएसएल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी, साथ ही वरिष्ठ अधिकारी, तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना स्थल को तुरंत घेर लिया गया और धमाके के कारण और स्वरूप का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि घटना से पहले या बाद में किसी संदिग्ध गतिविधि की पहचान की जा सके।'
Created On :   2 April 2026 1:04 AM IST












