Bihar Politics: नीतीश कुमार जल्द लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ, जानें क्या है तारीख

नीतीश कुमार जल्द लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ, जानें क्या है तारीख
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद अब वे जल्द ही राज्यसभा सदस्य के लिए शपथ लेंगे।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार दस अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम तय हो चुका है। इससे पहले 16 मार्च को वे संसद के उच्च सदन के लिए चुने गए थे। इसके बाद 30 मार्च को उन्होंने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब शपथ लेने के साथ ही वे एक खास उपलब्धि हासिल कर लेंगे।

चारों सदनों में रहने वाले चुनिंदा नेताओं में होंगे शामिल

शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार उन नेताओं की सूची में शामिल हो जाएंगे, जो विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। बिहार में इससे पहले लालू प्रसाद यादव, उपेंद्र कुशवाहा और दिवंगत सुशील मोदी यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कब देंगे। संविधान के नियमों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति बिना किसी सदन का सदस्य बने छह महीने तक मुख्यमंत्री रह सकता है। ऐसे में ये तय नहीं हुआ है कि वे कब इस्तीफा देंगे।

निरीक्षण और बैठक में दिखे सक्रिय

वहीं, राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद नीतीश कुमार अभी भी पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने पटना में स्थित एक प्रशिक्षण केंद्र के परिसर का दौरा किया और वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों से बातचीत करके जरूरी निर्देश भी दिए।

छात्रों से बातचीत और रोजगार पर जोर

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों से बातचीत की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छी ट्रेनिंग से ही बेहतर नौकरी मिल सकती है, इसलिए सभी छात्र मन लगाकर सीखें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है।

Created On :   1 April 2026 5:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story