बिहार सियासत: नीतीश कुमार के करीबी नेता नरेंद्र नारायण यादव बने प्रोटेम स्पीकर, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

डिजिटल डेस्क, पटना। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और सीएम नीतीश कुमार के करीबी कहे जाने वाले नरेंद्र नारायण यादव बिहार विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर बनाए गए हैं। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सोमवार को उन्हें पद की शपथ दिलाई। 74 साल के नारायण यादव नव निर्वाचित 243 विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
आठवीं बार जीते चुनाव
नरेंद्र नारायण यादव इस चुनाव में आलमनगर सीट से जीते हैं। उन्होंने वीआईपी पार्टी के उम्मीदवार को 55 हजार 465 वोटों के बड़े अंतर से मात दी। उन्हें कुल 1 लाख 38 हजार 401 वोट मिले। वह अब तक 8 बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। पहली बार वह आलमनगर सीट से साल 1995 में विधायक चुने गए थे। इसके बाद से आज तक वह कभी इस सीट से नहीं हारे हैं। इसके चलते वह इस क्षेत्र के सबसे मजबूत नेता बने। यादव बिहार सरकार में कैबिनेट का हिस्सा भी रह चुके हैं। वहीं पिछली नीतीश सरकार में विधानसभा के उपाध्यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं।
क्या होता है प्रोटेम स्पीकर?
प्रोटेम शब्द की बात करें तो यह लैटिन भाषा का एक शब्द है जिसका मतलब 'कुछ समय के लिए'। मतलब ये अस्थाई विधानसभा अध्यक्ष होते हैं जो कि विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव होने तक उसका दायित्व संभालते हैं। यानी जब तक विधानसभा अपना स्थाई अध्यक्ष नहीं चुन लेती। सरल भाषा में कहें तो प्रोटेम स्पीकर की देख रेख में ही विधानसभा चुनाव जीते विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह पूरा होता है।
Created On :   24 Nov 2025 8:13 PM IST












