Actor Dharmendra passes away: 'वे एक अद्भुत अभिनेता थे..', सुपरस्टार धर्मेंद्र के निधन पर पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत सियासी जगत की कई हस्तियों ने जताया शोक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राजनीति जगत की हस्तियों ने दुख जताया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके निधन को एक युग का अंत बताया। वहीं कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। आइए जानते हैं सियासी जगत ने इस महान अभिनेता के निधन पर कैसी प्रतिक्रिया दी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत का प्रतीक है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म हस्ती थे, एक अद्भुत अभिनेता, जिन्होंने हर किरदार में गहराई और आकर्षण भरा। विभिन्न भूमिकाओं को निभाने का उनका अंदाज अनगिनत लोगों के दिलों को छू जाता था। धर्मेंद्र जी को उनकी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी उतना ही सराहा जाता था। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।'
यह भी पढ़े -धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ का पोस्टर रिलीज, एक्टर की आवाज सुनकर फैंस हुए इमोशनल, फिल्म में निभाया खास किरदार
राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'महान अभिनेता धर्मेंद जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।'
कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, 'धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।'
अमित शाह
धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, 'अपने बेहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई।'
केंद्रीय गृहमंत्री ने आगे लिखा, 'धर्मेंद जी उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत बन उठा और अपनी इसी कला के जरिए से उन्होंने हर आयु वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता। अपने अभिनय से वे सदैव हमारे बीच रहेंगे। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति शांति शांति..'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, 'वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। वे देश के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे और उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए। भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ऐसी विरासत छोड़ी है जो आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी। मैं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।'
योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'लोकप्रिय फिल्म अभिनेता श्री धर्मेंद जी का निधन अत्यंत दुखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
इनके अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पं. बंगाल सीएम ममता बनर्जी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया।
Created On :   24 Nov 2025 5:36 PM IST












