दिल्ली आबकारी घोटाला: भाजपा ने संजय सिंह की गिरफ्तारी को बताया 'सत्य की जीत'

भाजपा ने संजय सिंह की गिरफ्तारी को बताया सत्य की जीत
  • भाजपा ने शराब नीति मामले में आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को सत्य की जीत बताया
  • दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने संजय सिंह को बताया शराब घोटाले के सरगनाओं में से एक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने शराब घोटाले में आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को सत्य की जीत बताते हुए कहा है कि शुरू से ही साफ था कि संजय सिंह शराब घोटाले के सरगनाओं में से एक हैं। भाजपा ने कहा कि दिनेश अरोड़ा के सरकारी गवाह बनने के बाद ऐसा लगता है कि सीबीआई को पुख्ता सबूत मिल गए हैं। दिनेश अरोड़ा एवं राघव रघुनाथ के सरकारी गवाह बनने से दिल्ली के शराब घोटाले में दक्षिण भारतीय लॉबी का गठजोड़ भी खुल जाएगा और कानून की डोर जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल तक भी पहुंचेगी।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जब भी सांसद संजय सिंह दिल्ली सरकार के शराब घोटाले पर बोलते थे तो चिंता और हताशा का जो संयोजन दिखाई देता था, वह हमेशा संकेत देता था कि संजय सिंह की इस घोटाले में गहरी भागीदारी है, लेकिन उन्होंने किसी भी संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, इसलिए वह इस मामले में पीड़ित कार्ड खेलने की कोशिश करते थे पर अंततः कानून का शिकंजा उन तक पहुंच ही गया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि संजय सिंह की गिरफ्तारी से साफ है कि सत्य की हमेशा विजय होती है। अपने अन्य पार्टी सहयोगियों की तरह संजय सिंह लम्बे समय तक खुद को निर्दोष बताते रहे पर अंततः सत्य सामने आ ही गया है। शुरू से ही यह ज्ञात था कि संजय सिंह शराब घोटाले के सरगनाओं में से एक हैं, जिनका आरोपी दिनेश अरोड़ा के साथ करीबी संपर्क था और दिनेश अरोड़ा के सरकारी गवाह बनने के बाद ऐसा लगता है कि संजय सिंह के खिलाफ सीबीआई को पुख्ता सबूत मिल गए हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह बात सार्वजनिक तौर पर सामने आई है कि संजय सिंह, मनीष सिसोदिया के कार्यालय में शराब कारोबारियों, पब मालिकों और अन्य लोगों के साथ बैठक करते थे और दिनेश अरोड़ा के माध्यम से उनसे धन इकट्ठा करते थे। चूंकि, दिनेश अरोड़ा अब सरकारी गवाह बन गए हैं, इसलिए संजय सिंह के लिए खेल खत्म होता दिख रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Oct 2023 3:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story