मोदी 3.0: मंत्रिमंडल में बीजेपी ही बॉस, अपने ही पास रखे बड़े मंत्रालय, जानिए TDP-JDU को क्या ऑफर हुआ?

मंत्रिमंडल में बीजेपी ही बॉस, अपने ही पास रखे बड़े मंत्रालय, जानिए TDP-JDU को क्या ऑफर हुआ?
  • मोदी सरकार में हुआ मंत्रालयों का बंटवारा
  • भाजपा ने बड़े मंत्रालयों का अपने पास ही रखा
  • जानिए टीडीपी, जेडीयू समेत एनडीए के अन्य सहयोगी दलों को कौन से मंत्रालय मिले

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 71 सांसदों के मंत्रिमंडल की पहली बैठक समाप्त होने के बाद सोमवार को मोदी सरकार में शामिल सभी मंत्रियों के विभागों का बटंवारा किया गया। हालांकि, एनडीए के नेतृत्व वाली भाजपा ने अहम विभाग अपने पास ही रखे हैं। जबकि, गृह, रक्षा और वित्त समेत अन्य बड़े मंत्रालय में मोदी सरकार की ओर से कोई बदलाव नहीं किया गया है। यदि एनडीए के घटक दलों की बात करें तो उन्हें कुछ खास नहीं दिया गया है। इनमें टीडीपी केराम मोहन नायडू को नागरिक उड्डयन मंत्रालय सौंपा गया है। जबकि, टीडीपी के अन्य सांसद चंद्र शेखर पेम्मासानी को ग्रामीण विकास और संचार मंत्रालय का राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गठबंधन के अन्य सहयोगी दल जेडीयू से ललन सिंह को पंचायती राज मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। इसके अलावा जेडीयू के राम नाथ ठाकुर को कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय का राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है।

अन्य घटक दलों को क्या मिला?

एनडीए में शामिल उत्तरप्रदेश की आरएलडी पार्टी के मुखिया जयंत चौधरी को स्किल डिवेलपमेंट विभाग का राज्य मंत्री और शिक्षा मंत्रालय का राज्य मंत्री के तौर पर चुना गया है। बिहार में लोकसभा की पांच में से पांच सीटों पर जीत दर्ज करने वाले एलजेपी रामविलास के सुप्रिमो चिराग पासवान को खाद्य और प्रसंस्करण विभाग सौंपा गया। इस मंत्रालय को पूर्व की मोदी सरकार में मंत्री रहे चुके चिराग के दिवंगत पिता रामविलास पासवान को दिया गया था। इनके अलावा शिवसेना (शिंदे) गुट के जाधव प्रताप राव गणपत राव को आयुष और स्वास्थ्य मंत्रालय का राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नियुक्त किया गया है। चुनाव में जीतनराम मांझी की पार्टी ने केवल एक ही सीट समेट सकी। मोदी सरकार में उनकी पार्टी को माइक्रो, स्मॉल ऐंड मीडियम एंटरप्राइजेज का मंत्री बनाया गया है। जबकि, जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी को भारी उद्योग और स्टील मंत्रालय सौंपा गया है।

भाजपा के पाले में अहम मंत्रालय

केंद्र की भाजपा सरकार ने कई बड़े मंत्रालय अपने पास ही रखे हैं। इनमें रक्षा, गृह, स्वस्थ्य, परिवहन, विदेश, वित्त, शिक्षा, कपड़ा, ऊर्जा, शहरी विकास, कृषि, वाणिज्य, और ऊर्जा जैसे मंत्रालय अपने पास रखे हैं। इसके अलावा भाजपा ने जहाजरानी एवं जलमार्ग, उपभोकता , अक्षय ऊर्जा, दूरसंचार मंत्रालय, पर्यावरण मंत्रालय, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और श्रम मंत्रालय भी रखे हैं। खेल मंत्रालय, कोयला और खनन, जलशक्ति मंत्रालय को भी शामिल किया गया है। मोदी सरकार में रामदास आठवले को सामाजिक न्याय विभाग का राज्य मंत्री के तौर पर चुना गया है। जबकि, अनुप्रिया पटेल को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री और केमिकल फर्टिलाइजर विभाग का राज्य मंत्री का जिम्मा दिया गया है।

मोदी सरकार 3.0 में कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा ने कद्दावर सांसदों को शामिल किया है। इनमें राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय , अमित शाह को गृह मंत्रालय, और नितिन गडकरी को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय रिपीट किया गया है। जबकि, जगत प्रकाश नड्डा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उवर्रक, शिवराज सिंह चौहान को कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास और निर्मला सीतारमण को वित्त एवं कारपोरेट मामले सौंपा गया है। डॉ एस जयशंकर को विदेश, मनोहर लाल खट्टर को ऊर्जा एवं शहरी विकास, एच डी कुमारस्वामी को भारी उद्योग एवं इस्पात और पीयूष गोयल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय सौंपा। धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा और जीतन राम मांझी को सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम दिया गया। राजीव रंजन उर्फ लल्लन सिंह को पंचायती राज, मछळी पालन, पशुपालन एवं डेयरी और सर्वानंद सोनोवाल को बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय दिया गया है।

इन मंत्रालयों का भी हुआ बंटवारा

इनके अलावा डॉ वीरेंद्र कुमार को समाजिक न्याय एवं आधिकारिता और राममोहन नायडू को नागरिक उड्डयन मंत्रालय दिया गया। जबकि, प्रह्लाद जोशी को उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जनवितरण, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, जूएल ओरांव को आदिवासी मामले, गिरिराज सिंह को वस्त्र और अश्विनी वैष्णव को रेलवे, सूचना प्रसारण और सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलैक्ट्रॉनिक्स सौंपा गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास, भूपेंद्र यादव को वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, गजेंद्र सिंह शेखावत को पर्यटन एवं संस्कृति और अन्नपूर्णा देवी को महिला एवं बाल विकास, किरेन रिजीजू को संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामले, हरदीप सिंह पुरी को प्रेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, जी किशन रेड्डी को कोयला एवं खान, चिराग पासवान को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग सौंपा गया है। जबकि, सीआर पाटिल को जलशक्ति मंत्रालयों का जिम्मा दिया गया है।

Created On :   10 Jun 2024 6:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story