भारत जोड़ो न्याय यात्रा: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने किया बड़ा दावा, बोले- '2024 लोकसभा चुनाव के लिए हुई INDIA गठबंधन की स्थापना'

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने किया बड़ा दावा, बोले- 2024 लोकसभा चुनाव के लिए हुई INDIA गठबंधन की स्थापना
  • जयराम रमेश ने बोले- '2024 लोकसभा चुनाव के लिए हुई INDIA गठबंधन की स्थापना'
  • जयराम रमेश ने इंडिया गठबंधन को लेकर किया बड़ा दावा
  • उत्तर प्रदेश में फिलहाल गठबंधन को लेकर बातचीत जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव नजदीक है लेकिन अभी तक विपक्षी इंडिया गठबंधन में पश्चिम बंगाल और पंजाब में चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इधर, बिहार में नीतीश कुमार के एग्जिट से इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। वहीं, उत्तर प्रदेश में फिलहाल गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बड़ा दावा किया है।

झारखंड के बोकारो में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "2024 में लोकसभा चुनाव के INDIA गठबंधन की स्थापना की गई है। इसमें 27 पार्टियां हैं। झारखंड विधानसभा में हम गठबंधन सरकार में हैं लेकिन एक दिन, कांग्रेस अपनी ताकत से झारखंड में स्वतंत्र सरकार बनाएगी।" बता दें कि, कुछ दिन पहले इंडिया गठबंधन में 28 पार्टियां थी और अब एक फिर से नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू पलटी मारकर वापस एनडीए में चली गई है। ऐसे में अब इंडिया गठबंधन में 27 पार्टियां हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता ने कही ये बातें

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 22वें दिन यानी 4 फरवरी को कांग्रेस नेता ने कहा, " राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा और अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी कह रहे हैं कि बीजेपी-आरएसएस तड़ती है और कांग्रेस जोड़ती है। मैं कहता हूं बीजेपी बेचती है और कांग्रेस बचाती है।"

उन्होंने कहा, "मोदी सरकार के समय में सभी सार्वजनिक कारखानों पर खतरा है। आज 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का 22वां दिन है। राहुल गांधी जी धनबाद से बोकारो पहुंच गए हैं, जिसे इस्पात का शहर कहा जाता है। जो लोग कांग्रेस से उनके 70 साल का हिसाब पूछते हैं, उन्हें बोकारो आना चाहिए। बोकारो एक ऐतिहासिक जगह है, जिसका सामाजिक और आर्थिक इतिहास में विशेष स्थान है।"

कन्हैया ने बीजेपी पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा, "देश में चल रही अन्याय की आंधी को रोकने के लिए राहुल गांधी जी न्याय के पक्ष में खड़े हैं। एक तरफ वे लोग हैं जो बेच रहे हैं और एक तरफ हम हैं जो बचा रहे हैं। देशवासियों के लिए कांग्रेस ने पब्लिक सेक्टर बनाया था, लेकिन आज उस पब्लिक सेक्टर को PM मोदी 'फ्रेंड सेक्टर' बना रहे हैं।"

कन्हैया कुमार ने कहा कि BJP का सिर्फ एक ही काम है समाज के लोगों को आपस में लड़ाया जाए, उनके बीच में खाई पैदा कर दी जाए। उसके बाद जैसे ही लोगों का ध्यान भटका, ये खान-खदान और संसाधन अपने 'दोस्त' को दे देंगे। हम सभी को BJP का ये मॉडल समझना होगा।

Created On :   4 Feb 2024 12:03 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story