संगठन सृजन अभियान: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज एक दिवसीय हरियाणा के चंड़ीगढ़ दौरे पर

- चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर गांधी का भव्य स्वागत
- जल्द ही हरियाणा में संगठन का विस्तार होने की उम्मीद -हुड्डा
- कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन की मुहिम
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज एक दिवसीय हरियाणा के चंड़ीगढ़ दौरे पर है। कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी नेता बीके हरिप्रसाद के साथ आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया।
गांधी के चंडीगढ़ दौरे पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा का बयान आया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी चंडीगढ़ आ रहे हैं और जल्द ही हरियाणा में संगठन का विस्तार होने की उम्मीद है। हुड्डा ने मीडिया से आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन की एक मुहिम चल रही है और उस मुहिम के तहत हरियाणा को तीसरे प्रदेश के तौर पर सेलेक्ट किया है। इसी के चलते राहुल गांधी आज चंडीगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनके साथ हमारे संगठन महासचिव और हमारे प्रभारी भी मौजूद होंगे।
हुड्डा ने कहा, कांग्रेस के हरियाणा के नेताओं के मन में एक बात रहती थी कि संगठन बनना चाहिए और विस्तार होना चाहिए। मुझे लगता है कि आज होने वाली बैठक में उसके लिए सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में हरियाणा के अंदर कांग्रेस संगठन का विस्तार होगा।
Created On :   4 Jun 2025 2:03 PM IST