सियासत: अखिलेश यादव पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पलटवार, एमपी में सपा लड़ाई कर रही कमजोर

अखिलेश यादव पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पलटवार, एमपी में सपा लड़ाई कर रही कमजोर
  • सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर कांग्रेस का हमला
  • यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सपा एमपी में पार्टी को कर रही है कमजोर

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए बने इंडिया गठबंधन में शामिल सपा और कांग्रेस में रार बढ़ रही है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हम भाजपा को हरा रहे हैं। सपा वहां प्रत्याशी उतारकर लड़ाई कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

दरअसल, मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस ने सपा को सीटें नहीं दी। इससे नाराज सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और उसे धोखेबाज करार दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन को सीट देने के आश्वासन के बाद भी मुकर गए।

इस पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सपा पर पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता हमको जो भी कहना चाहे कहें, लेकिन कांग्रेस पार्टी को कमजोर ना करें। मध्य प्रदेश में हम भाजपा को हरा रहे हैं। अखिलेश यादव ने स्वयं छह सीटों की बात की और अपनी पहली लिस्ट में सात प्रत्याशी उतारकर अपनी ही बात से पलट गए। उसके बाद और 20- 22 सीटों पर लड़ा रहे हैं तो आखिर अपनी ही जो बात है, उससे वह पीछे हट गए।

अजय राय ने कहा कि इतने सारे सपा के उम्मीदवार होने पर किसकी मदद होगी यह उत्तर प्रदेश के लोग जानना चाहते हैं। हम भाजपा को हरा रहे हैं और वह प्रत्याशी उतारकर हमारी लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर के उपचुनाव में भी वही किया, हमने तो घोसी उपचुनाव में बिना मांगे समर्थन दिया। लेकिन, अखिलेश यादव मध्य प्रदेश में यह करके किसको फायदा पहुंचा रहे हैं यह बताएं।

ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। पहले गठबंधन को लेकर बातें हो रही थी। लेकिन, बाद में दोनों की सहमति नहीं बनी। इसके बाद सपा और कांग्रेस ने अपने-अपने उमीदवार उतार दिए हैं। इसी बात को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव नाराज हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2023 3:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story