कांग्रेस बनाम सपा: इंडिया गठबंधन में पड़ी दरार, अखिलेश यादव ने कांग्रेस को बताया 'धोखेबाज'

इंडिया गठबंधन में पड़ी दरार, अखिलेश यादव ने कांग्रेस को बताया धोखेबाज
  • लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन में दरार
  • अखिलेश यादव ने कांग्रेस को बताया 'धोखेबाज'

डिजिटल डेस्क, सीतापुर। लोकसभा चुनाव के लिए बनाया गया विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन अब दरकने लगा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस से खासा नाराज हैं। उन्होंने कांग्रेस को धोखेबाज बताया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अपने चिरकुट नेताओं से सपा के लिए बयानबाजी न करवाए। अखिलेश ने कांग्रेस को धोखेबाज बताते हुए कहा कि अगर उन्हें पता होता इंडिया गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो वह कांग्रेस से बात ही नहीं करते। अगर वे (कांग्रेस) कहते हैं कि विधानसभा स्तर पर गठबंधन नहीं है तो हम स्वीकार करते हैं। शायद हमें ही कन्फ्यूजन रहा होगा।

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के मध्य प्रदेश में सपा की कोई हैसियत नहीं है संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी हैसियत क्या है। इंडिया गठबंधन के बारे में वे कितना जानते हैं, क्या बैठकों में थे। ,अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपील है कि वह छोटे नेताओं से इस तरह की बयानबाजी न कराएं। इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रात-रात भर वार्ता की। मध्यप्रदेश में कहां, किस सीट पर सपा जीती, कहां नंबर दो पर रही, यह आंकड़ा लेकर भरोसा दिया कि छह सीटों पर विचार करेंगे। फिर, सपा को एक भी सीट नहीं दी, इसलिए हमने वहां अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।

उन्होंने इंडिया गठबंधन पर कहा कि अगर यह सिर्फ लोकसभा में है, तो इस पर विचार किया जाएगा। कांग्रेस जैसा व्यवहार सपा के साथ करेगी, उनके साथ वैसा ही किया जाएगा। आजम खान को लेकर सवाल पर कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। वह चुप होकर अन्याय सहन कर रहे हैं। भाजपा सरकार जान बूझकर परेशान कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2023 3:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story