कॉकरोच जनता पार्टी का आज प्रदर्शन: दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट और जंतर-मंतर के आसपास किए सुरक्षा के पुख्त इंतजाम, क्या प्रदर्शन को लेकर मिली कोई खुफिया जानकारी?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामले में शनिवार (6 जून, 2026) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन होने वाला है। इसका नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके करने वाले हैं। इसके लिए वो अमेरिका से शनिवार को सुबह 8 बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे। इसके बाद संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए अनुमति लेंगे। इसके बाद यहां से वह सीधे जंतर-मंतर जाएंगे। इसके ऐलान वह पहले ही कर चुके हैं।
यह भी पढ़े -'पेपर लीक अरबों-खरबों रुपये का बिजनेस बन...' अरविंद केजरीवाल ने परीक्षाओं में गड़गड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे
अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडिया जारी करते हुए बताया था कि वह 6 जून को भारत पहुंच जाएंगे और दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने आगे बताया था कि इन गड़बड़ियों के चलते लाखों छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। साथ ही बताया सीजेपी इस विरोध के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेगी।
दिल्ली के कई इलाकों पर सख्त नजर
सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सुरक्षा कड़ी कर दी है। बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के आसपास भारी संख्या में सुरक्षकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही निगरानी भी बढ़ा दी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है कि किसी भी अप्रिय घटना होने से पहले उससे निपटा जा सके।
यह भी पढ़े -किसी भी सजा से डरने वाली नहीं हूं, अलका लांबा बोलीं-मेरा गुनाह बस इतना था कि मैंने महिलाओं के लिए आवाज उठाई
पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?
पुलिस अधिकारियों ने इस प्रदर्शन को लेकर बताया कि उनके पास फिलहाल बड़े पैमाने पर भीड़ इकट्ठा होना या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने जैसी कोई खुफिया जानकारी नहीं मिली है। लेकिन एहतियात के तौर पर बड़े पैमाने पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस प्रदर्शन के लिए कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से कोई औपचारिक मंजूरी नहीं मांगी है।
Created On :   6 Jun 2026 2:55 AM IST













