LPG Crisis: देशभर में LPG की शॉर्टेज को लेकर डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, BJP को बताया ब्लंडर जनता पार्टी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मीडिल ईस्ट में इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग छिड़ने से तनाव बना हुआ है। इसका असर भारत पर भी दिखाई दे रहा है। ईरान के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नाकाबंदी से खाड़ी देशों से आने वाली गैस और तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इस बीच देशभर में हो रही गैस-तेल की किल्लत को लेकर मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को ब्लंडर जनता पार्टी बताया। सपा सांसद ने कहा कि सरकार अमेरिका के सामने इतना नतमस्तक क्यों हैं? जब भी देश पर कोई कठिनाई आती है तो ये सरकार मौन क्यों हो जाती है। सरकार ने लोगों को लेकर कोई तैयारी क्यों नहीं की।
सपा सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
एबीपी न्यूज से बातचीत के दौरान सपा सांसद ने एलपीजी संकट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये समझना चाहिए कि जिस तरह से सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। चाहे घरेलू सिलेंडर हो या कमर्शियल सिलेंडर हो। जिस तरह हवाई जहाज़ के टिकट के दाम बढ़ रहे हैं, जिस तरह मार्केट में सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। क्योंकि लगातार ये सोशल मीडिया के माध्यम से ये देखने को मिल रहा है कि किस तरह लोग लाइनों में खड़े हुए हैं। चाहे वो गोरखपुर हो, लखनऊ हो या मैनपुरी हो।। पेट्रोल और सिलेंडर के लिए लोग लगातार लाइन में खड़े हुए हैं।
डिंपल यादव ने कहा कि ये सरकार इस बात को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है कि लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। लोग महंगाई का सामना कर रहे हैं और सरकार की कोई तैयारी नहीं है। सरकार की विदेश नीति कैसी है कि जो अमेरिका के सामने नतमस्तक है। जहां इतना बड़ा ट्रेड डील आप अमेरिका के साथ साइन कर रहे हैं। जहां, हमारे आयात लगातार बढ़ाए जा रहे हैं और हमारे निर्यात घटेंगे तो कहीं न कहीं सरकार किसी भी तरह तैयार नहीं है।
बीजेपी को बताया ब्लंडर जनता पार्टी
उन्होंने कहा कि इस डील से हमारे कृषि क्षेत्र पर इतना बड़ा नुक़सान होने वाला है। आख़िर सरकार क्यों अमेरिका के सामने नतमस्तक है। सरकार की कोई तैयारी क्यों नहीं है? ये सरकार प्रचार प्रसार तो बहुत करती है लेकिन जब कोई भी कठिनाई या कष्ट आता है तो ये सरकार मौन हो जाती है। ये भारतीय जनता पार्टी नहीं ये ब्लंडर जनता पार्टी है जो देश के लिए ब्लंडर साबित हो रही है।
वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी एलपीजी की कमी को लेकर एक्स पर निशाना साधा और कहा कि 'अगर भाजपावाले कह रहे हैं कि ‘गैस’ की कोई कमी नहीं है तो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करनेवाले उनके मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद और करोड़ों कार्यकर्ता और उनके unregistered संगी-साथी अंडरग्राउंड क्यों हो गये हैं? वो जनता के बीच जाकर गैस एजेंसियों से गैस दिलवाएं।'
Created On :   13 March 2026 2:45 PM IST












