Dussehra 2025: देशभर में दशहरे की धूम, राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में आज यानि गुरुवार को दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह दिन बुराई पर अच्छाई का जीत का प्रतीक है। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को खूब बधाइयां दी हैं। सभी दिग्गजों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। तो चलिए जानते हैं सबने क्या कहा?
राष्ट्रपति ने क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि विजयादशमी के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक, विजयादशमी का त्योहार हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में रावण दहन तथा दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाने वाला यह पर्व भारत के जीवन-मूल्यों को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा, यह त्योहार हमें क्रोध और अहंकार जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों का त्याग करने तथा संघर्ष एवं शौर्य जैसी सकारात्मक प्रवृत्तियों को अपनाने का संदेश देता है।" मेरी कामना है कि यह पर्व हमें एक ऐसे समाज और देश के निर्माण के लिए प्रेरित करे, जहां सभी लोग न्याय, समानता और सद्भाव के साथ मिलकर जीवन में आगे बढ़ते रहें।
उपराष्ट्रपति ने दी बधाई
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने भी देशवासियों को दशहरे की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विजयादशमी के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है और हमें सत्य, धर्म और साहस के स्थायी मूल्यों की याद दिलाता है। यह हम सभी को ईमानदारी के साथ कार्य करने, न्याय को बनाए रखने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। कामना है कि विजयादशमी सभी के लिए खुशी, शांति और समृद्धि लाए और देश की सेवा के लिए हमारे संकल्प को और मजबूत करे।
पीएम ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी बुराई और असत्य पर अच्छाई और सत्य की विजय का प्रतीक है। मेरी कामना है कि इस पावन अवसर पर हर किसी को साहस, बुद्धि और भक्ति के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा मिले। देशभर के मेरे परिवारजनों को विजयादशमी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
Created On :   2 Oct 2025 9:22 AM IST