लोकसभा चुनाव 2024: मध्यप्रदेश में प्रत्याशियों के ऐलान से लेकर चुनावी तैयारियों में भाजपा का पलड़ा भारी, 6 महिला प्रत्याशियों से आधी आबादी को साधने की तैयारी

मध्यप्रदेश में प्रत्याशियों के ऐलान से लेकर चुनावी तैयारियों में भाजपा का पलड़ा भारी, 6 महिला प्रत्याशियों से आधी आबादी को साधने की तैयारी
  • एक -दो दिन में कांग्रेस प्रत्याशियों के ऐलान की उम्मीद
  • इंडिया गठबंधन में सपा को 1 सीट
  • बसपा भी उतारेंगी उम्मीदवार, जल्द नामों का ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग की तरफ से लोकसभा चुनाव 2024 तारीखों के ऐलान के बाद चुनावों का बिगुल बज चुका है। मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर चार चरणों में चुनाव होंगे। चुनावी तैयारियों में अन्य राजनैतिक दलों की तुलना में भारतीय जनता पार्टी काफी आगे है। बीजेपी ने सभी 29 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। जबकि कांग्रेस ने कुछ सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं बसपा कभी भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है। बीजेपी ने सभी 29 संसदीय सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए है, जबकि 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस ने 10 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। बाकी सीटों पर नामों का ऐलान एक दो दिन में होने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश में चार चरणों में होने वाले चुनाव में पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होगी। इसमें छह संसदीय क्षेत्रों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होना है। इस चरण में सात सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। इसमें आठ लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण का मतदान 13 मई होगा। इस चरण में आठ सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चार जून को नतीजे आएंगे।

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 29 में से 28 लोकसभा सीटों पर विजय हासिल की थी। केवल एक छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर कांग्रेस को जीत मिली थी। कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा को भेदने के लिए भाजपा ने करीब दो साल पहले से ही तैयारी करना शुरु कर दिया था। अब देखना है इस बार सीट पर कौन बाजी मारता है। हालांकि विधानसभा चुनावों में छिंदवाड़ा की सभी सातों सीटों पर कांग्रेस ने बाजी मारी थी। चुनावी प्रत्याशी के तौर पर छिंदवाड़ा में बीजेपी ने बंटी साहू तो कांग्रेस ने मौजूदा सांसद नुकलनाथ पर भरोसा जताया है।

चुनाव में आगे नजर आ रही बीजेपी ने घर घर पहुंचना शुरु कर दिया है। वहीं कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने और प्रत्याशियों को लेकर मंथन कर रही है। इंडिया गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी को कांग्रेस से खजुराहो-छतरपुर लोकसभा सीट दी है। जहां से बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा बीजेपी के प्रत्याशी है। हालफिलहाल वहां सपा की तैयारी ठीक ठाक नजर नहीं आ रही।

मध्यप्रदेश में भाजपा ने सभी 29 सीटों पर प्रभारी और संयोजक काफी पहले नियुक्त कर दिए गए थे। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रदेश को 7 क्लस्टरों में बांटा है और सात बड़े नेताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। जबकि 11 सीट ऐसी हैं, जहां लोकसभा प्रभारी और संयोजक के साथ सहसंयोजक भी नियुक्त हुए हैं। भाजपा की रणनीतियों की बात की जाए तो दीवार लेखन से लेकर बूथ मजबूत,बूथ पन्ना,प्रबुद्धजन से संवाद,बूथ विजय अभियान शामिल है। बूथ विजय अभियान के तहत पार्टी के 41 लाख कार्यकर्ता प्रतिदिन दो घंटे बूथ पर चर्चा कर रहे है।बूथ विजय अभियान के तहत प्रदेश में 64,523 बूथों पर कार्यकर्ता 370 वोट बढ़ाने के लिए 22 मार्च तक निरंतर प्रयासरत है। न केवल संवाद बल्कि सोशल मीडिया से भी बीजेपी ने प्रचार तेज कर दिया है। एप के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जा रही है।

आधी आबादी वाले महिला मतदाताओं पर भी बीजेपी की नजर है। बीजेपी ने इस बार छह महिलाओं को टिकट दिया गया है। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में महिला वोटरों ने जीत में अहम भूमिका निभाई। बीजेपी की बंपर जीत में लाडली बहना योजना का बड़ा योगदान रहा था। बीजेपी इसको कायम रखना चाहती है। कांग्रेस ने दस प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है, जिनमें एक भी महिला नाम शामिल नहीं है।

लोकसभा में बीजेपी की महिला प्रत्याशी

धार से सावित्री ठाकुर

बालाघाट से भारती पारधी

भिंड-दतिया से मौजूदा सांसद संध्या सुमन राय

सागर से लता वानखेड़े

शहडोल से हिमाद्री सिंह

रतलाम-झाबुआ से अनिता नागर सिंह चौहान

Created On :   17 March 2024 10:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story