लोकसभा चुनाव 2024: पहले चरण में बीजेपी के 8 मंत्री और तीन पूर्व मुख्यमंत्री चुनावी मैदान में, जानिए कहां से चुनाव लड़ रहे हैं ये नेता

पहले चरण में बीजेपी के 8 मंत्री और तीन पूर्व मुख्यमंत्री चुनावी मैदान में, जानिए कहां से चुनाव लड़ रहे हैं ये नेता
  • 19 अप्रैल को कई नेताओं की किस्मत का होगा फैसला
  • बीजेपी के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों की भी किस्मत दांव पर
  • बीजेपी के कई नेताओं की साख इस चुनाव में

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण की वोटिंग शुक्रवार 19 अप्रैल को होनी है। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों समेत कुल 102 सीटों पर मतदान होगा। बता दें कि, पहले चरण के चुनाव में बीजेपी के मंत्रिमंडल के 8 मंत्री और 3 पूर्व मुख्यमंत्री अपनी चुनावी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। वहीं, एक पूर्व राज्यपाल भी चुनावी मैदान में हैं। आज हम आपको पहले चरण में उतरने वाले प्रमुख नेताओं के बारे में बताएंगे। जिनकी राजनीतिक साख दांव पर लगी हुई है।

1. नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी महाराष्ट्र की नागपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, गडकरी पिछले दो आम चुनावों में नागपुर सीट से जीत रहे हैं। इस बार गडकरी के सामने कांग्रेस प्रत्याशी विकास ठाकरे नागपुर से चुनौती पेश कर रहे हैं। गडकरी इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की होगी।

2. सर्बानंद सोनोवाल

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग, आयूष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल असम की डिब्रूगढ़ संसदीय सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, सोनोवाल असम के पूर्व मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उनके सामने असम जातीय परिषद (एजेपी) प्रत्याशी लुरिनज्योति गोगोई चुनौती पेश कर रहे हैं।

3. किरण रिजिजू

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री किरण रिजिजू अरुणाचल प्रदेश की अरुणाचल पश्चिम संसदीय सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, रिजिजू इस सीट से अब तक कुल 4 चुनाव लड़े हैं। जिनमें से उन्हें तीन बार जीत मिली, जबकि एक बार हार का सामना करना पड़ा। उनके सामने कांग्रेस प्रत्याशी नबाम तुके चुनौती पेश कर रहे हैं।

4. डॉ संजीव बालियान

बीजेपी सरकार में मत्स्य, पशु चिकित्सा और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर सीट से चुनावी मैदान में हैं। बालियान पिछले दो आम चुनावों में इस सीट से जीतते आ रहे हैं। इस बार उनके खिलाफ सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक और बसपा प्रत्याशी दारा सिंह चुनावी मैदान में होंगे।

5. जितेंद्र सिंह

नरेंद्र मोदी सरकार में राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह जम्मू कश्मीर के उधमपुर सीट से चुनावी मैदान में हैं। वे पिछले दो आम चुनावों से लगातार उधमपुर सीट से चुनाव जीत रहे हैं। इस बार उनका सामना कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह से है। डॉ जितेंद्र सिंह की कोशिश इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की होगी।

6. भूपेंद्र यादव

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव राजस्थान की अलवर सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, भूपेंद्र यादव पहली बार अलवर सीट से उतारा गया है। उनके सामने कांग्रेस ने ललित यादव को चुनावी मैदान में उतारा है।

7. अर्जुन राम मेघवाल

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान की बीकानेर सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, अर्जुन राम मेघवाल लगातार पिछले तीन आम चुनाव में इस सीट से जीतते आ रहे हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी खेत राम मेघवाल से है।

8. बिप्लब कुमार देब

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब पश्चिम त्रिपुरा सीट से चुनावी मैदान में हैं। बिप्लब कुमार देब पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। बता दें कि, बीजेपी ने पिछले आम चुनाव में पहली बार इस सीट से चुनाव जीता था। इस चुनाव में बिप्लब कुमार देब के सामने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा चुनौती पेश कर रहे हैं।

Created On :   18 April 2024 3:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story