Iran Israel US War: मिडिल ईस्ट संकट पर सर्वदलीय बैठक शुरू, TMC ने बनाई दूरी, राहुल गांधी भी नहीं पहुंचे

मिडिल ईस्ट संकट पर सर्वदलीय बैठक शुरू, TMC ने बनाई दूरी, राहुल गांधी भी नहीं पहुंचे
केंद्र सरकार ने बुधवार को मिडिल ईस्ट तनाव और वैश्विक चिंता को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हुई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को मिडिल ईस्ट तनाव और वैश्विक चिंता को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हुई। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीते दिन बताया था कि वह केरल विधानसभा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने की वजह से बैठक का हिस्सा नहीं बनेंगे। इसके साथ ही राहुल गांधी ने विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला था। बता दें, सर्वदलीय बैठक में मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा होगी। इस दौरान विपक्ष के सुझाव भी लिए जाएंगे।

सर्वदलीय बैठक से टीएमसी, राहुल गांधी की दूरी

बता दें, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित हो रही है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में मिडिल ईस्ट तनाव को लेकर अभिभाषण दिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि पश्चिम एशिया में छिड़े मौजूदा युद्ध के कारण उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए अधिकार संपन्न सात नये समूहों का गठन किया गया है जो एलपीजी, आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अन्य विषयों का नियमित आकलन कर सुझाव देंगे। हालांकि सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि देश में तेल और गैस की कोई कमी नहीं है।

सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल होने पहुंचे। वहीं, बीजेडी से सस्मित पात्रा, जेडीयू से लल्लन सिंह और संजय झा, कांग्रेस से तारिक अनवर और मुकुल वासनिक, सीपीआईएम से जॉन ब्रिटास, विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी बैठक के लिए पहुंचे।

सर्वदलीय बैठक को लेकर टीएमसी ने बीजेपी को घेरा

सर्वदलीय बैठक को लेकर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा, 'हमारी पूरी लड़ाई BJP के साथ है, हम उनके साथ बैठक क्यों करेंगे?' उन्होंने कहा कि वह सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होंगे। एनडीए के नेताओं ने सर्वदलीय बैठक को सही बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही सब स्पष्ट कर दिया है। जनता के हित में सारे फैसले आने वाले हैं।

बता दें, राहुल गांधी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान पीएम मोदी पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था, 'हमारी विदेश नीति केंद्र सरकार की निजी पॉलिसी बन गई है। अब यह एक यूनिवर्सल मजाक जैसा हो गया है। अगर हमारे प्रधानमंत्री कॉम्प्रोमाइज्ड हैं तो फॉरेन पॉलिसी कॉम्प्रोमाइज्ड है। हमारी क्या पोजीशन है? लोगों को इसका नुकसान होगा? अभी केवल शुरुआत हुई है। अभी सभी चीजों में परेशानी होगी। अमेरिका और इजरायल जो कहेगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहीं कहेंगे।'

Created On :   25 March 2026 7:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story