Bihar Politics: विधान परिषद की 9 सीटों पर 18 जून को होगा मतदान, नीतीश की सीट पर भी उपचुनाव, इस दिन आएंगे नतीजे

विधान परिषद की 9 सीटों पर 18 जून को होगा मतदान, नीतीश की सीट पर भी उपचुनाव, इस दिन आएंगे नतीजे
बिहार विधान परिषद की 9 सीटों और नीतीश कुमार की खाली सीट पर उपचुनाव होगा। वोटिंग 18 जून को मतदान होगी।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधान परिषद की 9 सीटों और एक खाली सीट पर उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी होगी और उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 18 जून को मतदान और उसी दिन शाम से मतगणना शुरू होगी। इस बार चुनाव इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद उनकी खाली हुई सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा।

चुनाव की पूरी तारीखें

चुनाव आयोग के मुताबिक, 1 जून को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन भर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया 20 जून तक खत्म कर ली जाएगी।

किन सीटों पर होगा चुनाव?

आपको बता दें कि, 28 जून को विधान परिषद के 9 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इनमें गुलाम गौस, कुमुद वर्मा, मो. फारुख, भगवान सिंह कुशवाहा, भीष्म साहनी, संजय मयूख, समीर कुमार सिंह, सम्राट चौधरी और सुनील कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनकी सीट खाली हुई है जिस पर उपचुनाव होगा।

किस दल के पास कितनी सीटें

जिन 10 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें अभी सबसे ज्यादा 5 सीटें जेडीयू के पास हैं। बीजेपी के पास 2 सीटें हैं। वहीं, आरजेडी के पास भी 2 सीटें हैं और कांग्रेस के खाते में 1 सीट है। 2025 विधानसभा चुनाव में एनडीए को बड़ी जीत मिली थी इसलिए मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से इस चुनाव में भी एनडीए को बढ़त मिलती दिख रही है। अब सभी की नजर उम्मीदवारों के नाम पर टिकी हुई है।

Created On :  

Tags

Next Story