नया LOGO: 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो हुआ लॉन्च, इस मुद्दे पर इंसाफ की होगी मांग!

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो हुआ लॉन्च, इस मुद्दे पर इंसाफ की होगी मांग!
  • 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो हुआ लॉन्च
  • प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर कसा तंज
  • न्याय का हक मिलने तक है यात्रा का थीम वर्ड

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक यह यात्रा देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो जारी किया। वहींं, इस यात्रा की थीम वर्ड 'न्याय का हक मिलने तक' रखा गया है। इस लोगो को राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के जैसा ही बनाया गया है। इस मौके पर खरगे ने कहा कि जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने नहीं दिया। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इसलिए हम 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से लोगों के बीच जा रहे हैं ताकि हम अपनी बात उनसे कह सकें और समाज के हर वर्ग से मिलकर उनकी बात सुन सकें।

आज दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस नेता खरगे ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो लॉन्च किया। इस दौरान पार्टी नेता ने कहा कि कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से देशवासियों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की ओर एक मजबूत कदम के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के माध्यम से हम जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे। हम महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, मजदूरों की बुरी हालत,अमीर-गरीब के बीच में बढ़ती खाई और जातिगत जनगणना से जुड़े मुद्दों पर जन जागरण करेंगे।

उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगे कहा कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी समाज के विभिन्न वर्गो से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस यात्रा का मंच NGOs, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ने का भी है। यह यात्रा केवल अपनी बात जनता तक पहुंचाने का नहीं बल्कि, जनता की आवाज और उनकी समस्याओं को सुनने का भी मंच है।

कांग्रेस ने बीजेपी पर कसा तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि BJP सरकार खुलेआम ED, CBI, IT का इस्तेमाल कर विपक्ष को डराने-धमकाने का काम कर रही है। यह लोग जब विपक्ष के लोगों को पकड़ते हैं, तो उनके ऊपर कोई भी केस थोप देते हैं । लेकिन जैसे ही वह आदमी BJP में शामिल होता है, उसकी छवि साफ हो जाती है। आखिर ये कहां का न्याय है?

जानें किस राज्य को कवर करेगी यात्रा

राहुल की यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होगी। जो 20 मार्च को मुंबई में संपन्न होगी। यात्रा में कुल 67 दिन लगेंगे। इस दौरान यह यात्रा 110 जिलों से होकर गुजरेगी। साथ ही, यह यात्रा 100 लोकसभा सीट और 337 विधानसभा सीटों को भी कवर करेगी। यात्रा की कुल दूरी 6,700 किलोमीटर से ज्यादा ज्यादा है।

मणिपुर से मुंबई (14 जनवरी-20 मार्च)

• मणिपुर | 107 किमी | 4 जिला

• नागालैंड | 257 किमी | 5 जिला

• असम | 833 किमी | 17 जिला

• मेघालय | 5 किमी | 1 जिला

• पश्चिम बंगाल | 523 किमी | 7 जिला

• बिहार | 425 किमी | 7 जिला

• झारखंड | 804 किमी | 13 जिला

• उड़ीसा | 341 किमी | 4 जिला

• छत्तीसगढ़ | 536 किमी | 7 जिला

• उत्तर प्रदेश | 1,074 किमी | 20 जिला

• मध्य प्रदेश | 698 किमी | 9 जिला

• राजस्थान | 128 किमी | 2 जिला

• गुजरात | 445 किमी | 7 जिला

• महाराष्ट्र | 480 किमी | 6 जिला


Created On :   6 Jan 2024 10:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story