मध्य प्रदेश चुनाव : 40 से ज्यादा वर्तमान विधायकों का टिकट काट सकती है भाजपा

मध्य प्रदेश चुनाव : 40 से ज्यादा वर्तमान विधायकों का टिकट काट सकती है भाजपा
  • मध्य प्रदेश में इस साल के अंत तक विधान सभा चुनाव होना है
  • बीजेपी राज्य में फिर से सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर चुनावी मैदान में उतर रही है
  • भाजपा इस बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल करने का दावा कर रही है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत तक विधान सभा चुनाव होना है और भाजपा इस बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल कर राज्य में फिर से सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर चुनावी मैदान में उतर रही है। 2018 की गलतियों से सबक लेते हुए भाजपा ने इस बार अपने रणनीति में व्यापक बदलाव किया है।

पार्टी ने इस बार एक तरफ जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा अन्य दिग्गज नेताओं को भी चुनाव प्रचार अभियान में आगे रखा है तो वहीं अब एंटी इनकंबेंसी के माहौल को कमजोर करने के लिए पार्टी ने अपने 40 से ज्यादा वर्तमान विधायकों का टिकट काटने की भी तैयारी कर ली है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने राज्य के एक-एक विधान सभा सीट पर जीत हार के समीकरण को लेकर और वर्तमान विधायकों की सक्रियता, लोकप्रियता, उम्र, जनाधार और जीतने की क्षमता को लेकर कई स्तरों पर व्यापक और बड़े पैमाने पर सर्व करवाए हैं।

पार्टी ने दूसरे राज्यों के नेताओं और खासकर विधायकों को मध्य प्रदेश में उतार कर हर विधान सभा सीट की ग्राउंड जानकारी एकत्र की है और इस आधार पर पार्टी ने अपने वर्तमान विधायकों को बड़े पैमाने पर बदलने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार अपने 40 से ज्यादा वर्तमान विधायकों का टिकट काट कर उनकी जगह युवा और नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है ताकि सत्ता विरोधी लहर को मात देकर उन सीटों पर फिर से जीत हासिल की जा सके। हालांकि, टिकट कटने वाले नेताओं की लिस्ट में कुछ ऐसे विधायक भी शामिल हैं जिनकी उम्र 75 पार हो चुकी है।

आपको बता दें कि, 2018 के पिछले विधान सभा चुनाव में भाजपा को कांग्रेस से थोड़ा ज्यादा वोट हासिल होने के बावजूद राज्य में सिर्फ 109 सीटों पर ही जीत हासिल हो पाई थी। जबकि, कांग्रेस के उम्मीदवार 114 सीटों पर जीते थे। 2018 में भाजपा को मध्य प्रदेश में 41.02 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। जबकि, कांग्रेस को भाजपा से थोड़ा कम 40.89 प्रतिशत वोट मिला था। बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेमे के विधायकों के इस्तीफे के कारण कमलनाथ की सरकार गिर गई और शिवराज सिंह चौहान फिर से राज्य के मुख्यमंत्री बने।

सिंधिया गुट के इस्तीफा देने वाले कई विधायक भाजपा के टिकट पर उपचुनाव जीत कर विधायक बने। वर्तमान में मध्य प्रदेश विधान सभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 127 है और पार्टी इनमें से 40 से ज्यादा विधायकों के टिकट काटने का मन बना चुकी है। आपको याद दिला दें कि, राज्य में विधान सभा चुनाव की घोषणा होने से पहले ही भाजपा हाल ही में अपने लिए कमजोर माने जाने वाली 39 विधान सभा सीटों पर उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर चुकी है।


अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Aug 2023 12:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story