महाराष्ट्र पॉलिटिक्स: 'हमारी इच्छा होती है कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनें', शिवसेना नेता के बयान से सियासी गलियारों में हलचल तेज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल शिवेसना (शिंदे गुट) के विधायक बच्चू कडू ने मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ी मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री बनने का दावा किया है। बता दें, इससे पहले समय-समय पर बच्चू कडू ने बीजेपी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ तीखी बयानबाजी की है। ऐसे में अब एक बार फिर से उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी इच्छा जाहिर करते हुए एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने की बात कही है।
एकनाथ शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहिए - बच्चू कडू
भंडारा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर फडणवीस सरकार की निंदा की। उन्होंने कहा, "विदर्भ से मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य में रोजाना 10 से 15 किसान आत्महत्या कर रहे हैं।" उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्जमाफी के मामले में किसानों के साथ धोखा हुआ तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बच्चू कडू ने कहा, "शिवसैनिक अब चुप नहीं बैठेंगे।" बच्चू कडू ने कहा कि एकनाथ शिंदे को ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। विदर्भ के मुख्यमंत्री से विदर्भ की जो अपेक्षाएं हैं, उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। हम यह नहीं कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री काम नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -अल्पसंख्यक समुदायों को लगातार निशाना बना रही सरकार, बनाया जा रहा नकारात्मक माहौल वारिस पठान
बच्चू कडू की मांग पर उदय सामंत ने दी सफाई
अब इस मुद्दे पर उद्योग मंत्री उदय सामंत ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर बच्चू कडू की यह व्यक्तिगत मांग है, लेकिन यह स्वाभाविक मांग है। सामंत ने कहा, “मेरी भी यही मांग है कि शिंदे साहब मुख्यमंत्री बनें। जिस तरह बीजेपी की इच्छा होती है कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनें, उसी तरह हमारी इच्छा होती है कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनें।”
इसी मुद्दे पर मंत्री संजय शिरसाट ने भी अपने नेता कब और कैसे मुख्यमंत्री बनेगा यह समय तय करेगा यह बयान दिया है। बता दें कि शिवसेना नेताओं के द्वारा एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने की मांग समय-समय पर उठाई जाती रही है।
Created On :   9 Jun 2026 12:09 AM IST












