पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: 'आग से खेल रहा है चुनाव आयोग और बीजेपी...', केंद्र सरकार पर भड़कीं ममता बनर्जी

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों का चुनाव प्रचार जोरों पर है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को मुर्शिदाबाद में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मालदा की हालिया घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हालात बिगाड़ने के पीछे एक सुनियोजित साजिश है।
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग “आग से खेल रहे हैं” और मालदा की घटना उसी “गंदी साजिश” का नतीजा है। उन्होंने कहा कि एक अलग-थलग घटना को पूरे बंगाल की छवि खराब करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के अनुभवी अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया गया, जो बंगाल की हर स्थिति से परिचित थे। उनकी जगह ऐसे केंद्रीय अधिकारियों को तैनात किया गया है, जिन्हें राज्य की भौगोलिक, सामाजिक और जमीनी हकीकत की समझ नहीं है।
यह भी पढ़े -पप्पू यादव ने किस बताया 'सुपर टाइगर', बंगाल में TMC या BJP में से इस पार्टी के जीतने का किया दावा
अमित शाह पर लगाए आरोप
ममता ने कहा कि ये “बाहरी अधिकारी” स्थानीय परिस्थितियों को संभालने में सक्षम नहीं हैं, जिसके कारण हालात बिगड़ रहे हैं। साथ ही, बीजेपी इन घटनाओं का इस्तेमाल कर पूरे राज्य को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
इस पूरे मामले के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को कमजोर करने और बंगाल की शांति के साथ राजनीति करने के कारण अमित शाह को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
ममता बनर्जी ने चेतावनी देते हुए कहा कि बंगाल इस तरह की “खतरनाक साजिश” को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा और राज्य की शांति और सम्मान की रक्षा की जाएगी।
Created On :   2 April 2026 8:13 PM IST












