संदेशखाली विवाद: 'हमारे धैर्य को मजबूरी न समझें'- ममता का पीएम पर हमला, कहा हमारी छवि खराब करने की कोशिश न करें

हमारे धैर्य को मजबूरी न समझें- ममता का पीएम पर हमला, कहा हमारी छवि खराब करने की कोशिश न करें
  • ममता बनर्जी का पीएम मोदी पर पलटवार
  • फेसबुक पोस्ट कर साधा निशाना
  • 10 तारीख को होने वाली मेगा रैली के बारे में दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। लोकसभा चुनाव होने में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। 20 मार्च तक इसकी तारीखों का ऐलान हो सकता है। सभी दलों ने इस महामुकाबले के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में टीएमसी सुप्रीमो ममता ने 10 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में रैली का आयोजन करने जा रही है। कहा जा रहा है कि इस मेगा रैली के दौरान पार्टी अपने सभी लोकसभा उम्मीदवारों का ऐलान और चुनाव अभियान की शुरुआत कर सकती है।

इस चुनावी रैली की जानकारी बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से दी। इस पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल के धैर्य और शिष्टाचार को उसकी कमजोरी समझने की भूल नहीं की जानी चाहिए। बाहरी लोगों को 10 मार्च को इसकी याद दिलानी चाहिए। इसके साथ उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मेगा रैली में शामिल होने की अपील की। बता दें कि संदेशखाली मामले में आरोपी शाहजहां की गिरफ्तारी पर हो रहे विवाद के बीच यह रैली होने जा रही है।

बंगाल की छवि खराब करने की हो रही कोशिश

पीएम मोदी और बीजेपी का नाम लिए बिना सीएम ममता ने उन पर निशाना साधते हुए कहा, 'बंगाल मनरेगा के पैसे से वंचित है। वे (बीजेपी) बंगाल की अलग छवि बना रहे थे। बंगाल को सांस्कृतिक राजधानी कहा जाता है। बंगाल में इस तरह की चीजें नहीं होती हैं। बंगाल सभी धर्मों का सम्मान करता है। धर्म अलग है, लेकिन त्योहार सभी के लिए हैं। मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगी।' उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, 'हमारे धैर्य को मजबूरी न समझें।'

उन्होंने आगे कहा, 'हम अंत तक लड़ेंगे। बिना लड़े, हम हारने वाले नहीं हैं। हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे। कुछ लोगों ने शांति और एकता को तोड़ दिया है। हमें इसे रोकने की जरूरत है। हम इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। हम उस पार्टी के खिलाफ खड़े होंगे जो लोगों को लूट रही है। जो लोग दलितों को धमकी दे रहे थे।'

दरअसल, पीएम मोदी ने बुधवार को बंगाल में चुनावी सभा के दौरान संदेशखाली मामले को लेकर ममता बनर्जी की सरकार पर जमकर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं से भी मुलाकात की थी। पीएम मोदी के बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि वे यहां सिर्फ चुनाव के समय ही आते हैं। चुनाव के बाद हम उनका चेहरा नहीं देख पाते। चुनाव के बाद वे भाग गए।

Created On :   6 March 2024 12:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story