बिहार: मतदाता अधिकार यात्रा के समापन पर पक्ष -विपक्ष के नेताओं ने एक दूसरे पर साधा निशाना

मतदाता अधिकार यात्रा के समापन पर पक्ष -विपक्ष के नेताओं ने एक दूसरे पर साधा निशाना
  • चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है - तेजस्वी
  • जन-जन की यात्रा बनी मतदाता अधिकार यात्रा-मनोज कुमार झा
  • लोकतंत्र की धरती है, बिहार की जनता जवाब देगी- डिप्टी सीएम सिन्हा

डिजिटल डेस्क, पटना। कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पटना पहुंचे। 16 दिवसीय 'मतदाता अधिकार यात्रा' आज पटना पहुंचकर संपन्न होगी।

आरजेडी नेता मनोज कुमार झा ने 'मतदाता अधिकार यात्रा' पर कहा, "यात्रा का औपचारिक समापन हो रहा है लेकिन यह यात्रा केवल राहुल गांधी या तेजस्वी यादव की नहीं रह गई है बल्कि यह जन-जन की यात्रा बन चुकी है। बिहार का चप्पा-चप्पा 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारों से गूंज रहा है। मुझे याद नहीं है कि आजादी के बाद चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, नीयत और नीतियों पर इतना बड़ा प्रश्नचिन्ह लगा हो। यह हमारी संस्थाओं की भी सफाई करने का मौका है ताकि वे किसी राजनीतिक दल के एजेंट के रूप में दिखाई ना दें। ये उस संस्था के लिए भी उचित नहीं है और यह संदेश पूरे बिहार और पूरे देश में जा चुका है।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने 'मतदाता अधिकार यात्रा' पर कहा, एक बात स्पष्ट है कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है और भाजपा का असली चेहरा उजागर हो गया है। इस बार जनता खूंटा ठोक कर इन्हें बिहार से भगाने का काम करेगी और बिहार से पूरे देश में ये संदेश जाएगा। लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने वाले लोगों को करारा जवाब मिलेगा। बहुत ज्यादा जनसैलाब पूरी यात्रा के दौरान हमारे साथ खड़ा रहा। बिहार के लोगों का आशीर्वाद और समर्थन मिला। हम सभी लोगों के आभारी हैं।

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष की 'मतदाता अधिकार यात्रा' पर कहा,.लोकतंत्र की डकैती करने वाले, जंगलराज के युवराज, दोनों(राहुल गांधी और तेजस्वी यादव) का जन्म सोने की चम्मच के साथ हुआ है जो राजनीति को अपनी जागीर समझते हैं। लेकिन यह लोकतंत्र की धरती है, बिहार की जनता जवाब देगी.. बिहारियों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले लोगों को यहां लाकर सम्मानित किया गया है, लोग इसका जवाब देंगे।

Created On :   1 Sept 2025 12:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story