भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस की इस अभियान से बीजेपी की बढ़ सकती है मुश्किल, जनता के बीच जाकर बताएगी मोदी सरकार की कमियां

भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस की इस अभियान से बीजेपी की बढ़ सकती है मुश्किल, जनता के बीच जाकर बताएगी मोदी सरकार की कमियां
कांग्रेस ने छेड़ा एक और अभियान भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस की इस अभियान से बीजेपी की बढ़ सकती है मुश्किल, जनता के बीच जाकर बताएगी मोदी सरकार की कमियां

डिजिटल डेस्क, जयपुर। कांग्रेस पार्टी की इन दिनों राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर पूरा ध्यान है। इस यात्रा की एंट्री कांग्रेस शासित प्रदेश राजस्थान में हो चुकी है। राहुल गांधी इस यात्रा के जरिए लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और जमीनी हकीकत को भी जानने की कोशिश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि राहुल गांधी इस यात्रा से पार्टी को संजीवनी देने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही आगामी 2024 लोकसभा चुनाव का भी खाका खींचना चाहते हैं। इसी कड़ी में रविवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के साथ कांग्रेस संचालन समिति की बैठक हुई, जिसमें पार्टी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

कांग्रेस शुरू करेगी एक और अभियान

राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा का समापन होने के बाद ही 26 जनवरी से देशभर में कांग्रेस पार्टी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत ब्लॉक, पंचायत व बूथ स्तर पर जनसंपर्क किया जाएगा। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि में देशभर कांग्रेस पार्टी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। कांग्रेस के इस अभियान से बीजेपी सरकार की खराब नीतियों को भी जनता के बीच रखेगी।

दो महीने तक चलेगा अभियान

संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने बताया कि दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में राहुल गांधी का संदेश पत्र भी लोगों को सौंपा जाएगा। साथ ही पीएम मोदी के खिलाफ आरोप पत्र भी संलग्न होगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी और 26 जनवरी तक श्रीनगर में इसका समापन होगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस फिर हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा शुरू करेगी, जिसके तहत तीन स्तरीय कार्यक्रम होगा। पहला ब्लॉक व बूथ स्तर पर यात्राएं होंगी, जिलास्तर पर अधिवेशन होंगे व राज्य के स्तर पर रैलियां होंगी। रमेश ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व अन्य वरिष्ठ नेता हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में शामिल होंगे।

बीजेपी को घेरने की कोशिश

माना जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा के तुरंत बाद कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरूआत करके बीजेपी को घेरने की कोशिश करेगी। इस अभियान के तहत लोगों से ब्लॉक, पंचायत व बूथ स्तर पर मुलाकात होगी। कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा से हौंसले बुलंद हैं और आगामी लोकसभा चुनाव-2024 की पिच अभी से तैयार करने में जुट चुकी है। इस बार कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत बूथ स्तर को शामिल किया है। इससे साफ है कि कांग्रेस भी बीजेपी की तरह ही बूथ को मजबूत करने की कोशिश करेगी। ऐसे में बीजेपी अब कांग्रेस की इस रणनीति पर क्या जवाब देगी? ये तो वक्त बताएगा। 

Created On :   4 Dec 2022 11:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story