भुवनेश्वर: शाह और ममता ने एक साथ किया लंच

Bhubaneswar: Shah and Mamta had lunch together
भुवनेश्वर: शाह और ममता ने एक साथ किया लंच
भुवनेश्वर: शाह और ममता ने एक साथ किया लंच

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। राजनीतिक मुद्दों पर अक्सर एक-दूसरे पर तीखा हमला बोलने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को एक ही मेज पर दोपहर का भोजन (लंच) करते नजर आए। कड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी शाह व ममता ने ओडिशा के भुवनेश्वर में एक साथ खाना खाया।

इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी लंच किया। यह लंच पटनायक द्वारा उनके आवास पर आयोजित किया गया था। जब सभी नेताओं की एक साथ खाना खाते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की जाने लगीं तो लोगों ने तरह-तरह के व्यंग्य व कटाक्ष भी किए।

पटनायक ने किया ट्वीट
अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (ईजेडसी) की 24वीं बैठक भुवनेश्वर में चल रही थी, जिसके बाद सभी नेताओं की मुलाकात हुई। यह पहला मौका था, जब विवादास्पद नागरिकता संशोधन अधिनियम बन जाने के बाद इन नेताओं की मुलाकात हुई। इस लंच के बारे में पटनायक ने ट्वीट कर जानकारी भी दी।

शाह ने फिर दोहराया कि यह कानून नागरिकता लेने का नहीं
इससे इतर गृहमंत्री शाह ने भुवनेश्वर के जनता मैदान में नागरिकता कानून के पक्ष में एक रैली को भी संबोधित किया। नागरिकता कानून पर दिल्ली में भड़की हिंसा के बाद शाह ने फिर दोहराया कि यह कानून नागरिकता लेने का नहीं, बल्कि देने का है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा यह कानून सिर्फ मानव अधिकारों की रक्षा के लिए लाया गया है। इस मौके पर अमित शाह ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और वाम दलों के साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी जोरदार हमला बोला।

उन्होंने कहा कि ये सभी नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध कर रहे हैं और झूठ के साथ ही हिंसा फैलाने का काम भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम नागरिकता संशोधन अधिनियम में एक भी मुस्लिम या अल्पसंख्यक व्यक्ति की नागरिकता नहीं जाने देंगे।

नहीं पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक में भाग नहीं लिया। बैठक में भाग लेने में असमर्थ सोरेन ने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए वित्त मंत्री रामेश्वर ओरांव को नियुक्त किया। सूत्रों के अनुसार सोरेन की बैठक में अनुपस्थिति का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि शायद झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने के कारण वह नहीं आए। 

बता दें कि सभी जोनल काउंसिल के अध्यक्ष केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हैं। वहीं पूर्वी जोनल काउंसिल के उपाध्यक्ष ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हैं। इसमें राज्यों और केन्द्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। 
 

Created On :   28 Feb 2020 7:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story