कांग्रेस का मतलब करप्शन, कमीशन और डिवीजन : नड्डा

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
मध्य प्रदेश कांग्रेस का मतलब करप्शन, कमीशन और डिवीजन : नड्डा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने रविवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा, कांग्रेस का मतलब है करप्शन, कमीशन और डिवीजन। भाई भतीजावाद, परिवारवाद इनकी पहचान है।

नर्मदापुरम एवं भोपाल संभागों के बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, भाजपा की संस्कृति समाजसेवा की, समाज के सशक्तीकरण की और रिपोर्ट कॉर्ड की संस्कृति है। जो कहेंगे वो करेंगे और जो कहा है, वो किया है। कांग्रेसियों के भाषण सुनिए, उनमें वोट बैंक संस्कृति की झलक दिखाई देती है। हमें कांग्रेस की यह संस्कृति जनता को बतानी है। भाजपा की सरकारें देश और प्रदेश को लगातार आगे बढ़ा रही हैं, यह जनता को समझाना है और भाजपा को यशस्वी बनाना है। हर बूथ का अध्यक्ष आज यह संकल्प ले कि मेरे बूथ पर सिर्फ जीत ही होगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि 2014 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यालय आए थे और उन्होंने यह पूछा था कि कितने जिलों में पार्टी के अपने कार्यालय भवन हैं? उन्होंने कहा कि हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हर जिले में हमारे अपने कार्यालय भवन होंगे। उस संकल्प का ही परिणाम है कि आज देश के 290 जिलों में पार्टी के कार्यालय भवन बन चुके हैं।

उन्होंने कहा कि 115 कार्यालयों का काम चालू है। 123 कार्यालयों के लिए जमीन ले ली गई है और काम चालू होने वाला है। इसी कड़ी में आज पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय भवन का भूमिपूजन हुआ है, जो वल्र्ड क्लास और आधुनिक तकनीक से युक्त होगा। उसमें चार बैठक कक्ष होंगे और 1005 की क्षमता वाला ऑडिटोरियम होगा। इस सबके बावजूद हमारा कार्यालय भवन ऑफिस नहीं होगा, बल्कि वो एक संस्कार केंद्र होगा, जहां आकर कार्यकर्ता अपने नेताओं से सीखते हैं, पढ़ते हैं और पार्टी के लिए जीवन को खपा देने का संकल्प लेते हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि हमने उत्तर पूर्वी राज्यों मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में सरकारें बनाई। महत्वपूर्ण बात यह है कि दोबारा से सरकार बनाई। चुनाव परिणाम के बाद हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह एक त्रिवेणी का प्रभाव है। त्रिवेणी का वो मंत्र है, सरकार का काम, संगठन व सरकार की संस्कृति तथा कार्यकर्ताओं का समर्पित सेवा भाव। मध्यप्रदेश में भी पार्टी कार्यकर्ता और सरकार पूरे सेवा भाव के साथ काम कर रहे हैं। विचारों की यही त्रिवेणी मुझे मध्यप्रदेश में भी दिखाई देती है। कार्यकर्ताओं में जो उत्साह दिखाई दे रहा है, वह आने वाले समय के लिए यह संदेश दे रहा है कि एक बार फिर भाजपा सरकार।

नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस के नेता अहंकार में डूबे हैं और उनमें समझदारी बहुत कम हो गई है। अभी कांग्रेस सत्याग्रह कर रही है। सत्याग्रह 1906 और 1919 में महात्मा गांधी ने भी किया था, लेकिन उनका वो सत्याग्रह भारत के सम्मान, उसकी अस्मिता और भारतीयों के राज को लेकर था। कांग्रेस किस लिए सत्याग्रह कर रही है? सिर्फ अपने नेताओं के अहंकार को बचाने के लिए? वो हर परंपरा को तोड़ देते हैं, एक पिछड़े समाज को गाली देते हैं, अदालत के कहने पर भी माफी नहीं मांगते और जब सजा हो जाती है तो सत्याग्रह करते हैं।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा, कांग्रेस के जमाने में छोटे-छोटे देश हमें आंखें दिखाते थे और भारत घोटालों के देश के रूप में जाना जाता था। लेकिन आज हमारे दुश्मन देश पाकिस्तान के लोग भी कह रहे हैं कि हमें मोदी चाहिए। सारी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारतीय छात्रों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए लड़ाई रोक दी जाती है और तुर्की में जब भूकंप आता है, सबसे पहले भारतीय डॉक्टर और सहायता सामग्री वहां पहुंच जाती है।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा, प्रदेश में इन दिनों सभी 64 हजार 100 बूथों को डिजिटल बनाकर पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों के गठन का काम चल रहा है और सारे कार्यकर्ता इस काम में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारी सरकारें गरीब कल्याण के काम में जुटी हैं। ऐसे में मैं प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमने यह अबकी बार, 200 पार के नारे को साकार करने का संकल्प लिया है। हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट पाने के संकल्प को पूरा करेंगे और 2023 तथा 2024 में जीत का इतिहास बनाएंगे।

 

(आईएएनएस)

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Created On :   26 March 2023 3:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story