सोनिया गांधी के साथ 5 घंटे चली वरिष्ठ नेताओं की बैठक, राहुल गांधी बोले- हर जिम्मेदारी के लिए तैयार

सोनिया गांधी के साथ 5 घंटे चली वरिष्ठ नेताओं की बैठक, राहुल गांधी बोले- हर जिम्मेदारी के लिए तैयार
हाईलाइट
  • पार्टी से नाराज नेताओं ने राहुल के नेतृत्व को दिया समर्थन
  • राहुल गांधी बन सकते हैं कांग्रेस पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • सोनिया गांधी के साथ 5 घंटे चली वरिष्ठ नेताओं की बैठक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ 10 जनपथ पर पांच घंटों तक चली अहम बैठक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि वे हर जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं। पार्टी से नाराज चल रहे नेताओं ने भी राहुल गांधी के नेतृत्व का समर्थन किया है। किसी भी नेता को राहुल के नेतृत्व पर अंसतोष नहीं है। जाहिर है कि जल्द ही राहुल गांधी की ताजपोशी की जा सकती है। ऐसे में राहुल के सामने 2021 में होने वाले चुनावों की जिम्मेदारी रहेगी। 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस हाईकमान नई रणनीति पर चर्चा की है। साल 2021 में पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन पांचों प्रदेशों में कांग्रेस के सामने अपना अस्तित्व बचाए रखने की चुनौती है। चूंकि कांग्रेस का प्रदर्शन बिहार विधानसभा चुनाव, हैदराबाद नगर निकाय, गोवा, केरल और राजस्थान के निकाय चुनाव में अच्छा नहीं रहा है। केरल के निकाय चुनावों में कांग्रेस को नाकामी हाथ लगी है। केरल के वायनाड से राहुल गांधी सांसद हैं, लिहाजा उनकी भी प्रतिष्ठा दांव पर है।

बैठक में शामिल हुए हैं ये वरिष्ठ नेता
सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ चल रही इस अहम बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पृथ्वीराज चव्हाण, पी चिदंबरम, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, गुलाम नबी आज़ाद, आनंद शर्मा, कमलनाथ आदि शामिल हुए।

बता दें कि बीते दिनों कांग्रेस में सक्रिय नेतृत्व और व्यापक संगठनात्मक बदलाव की मांग को  23 नेताओं के समूह ने पत्र लिखा था। इसके बाद चिट्ठी लिखने वाले नेताओं को पार्टी के दूसरे नेताओं ने निशाने पर ले लिया था और दोनों खेमे की ओर से आरोप प्रत्यारोप लगाए जाने लगे थे।

पार्टी में इन अंदरूनी घमासानों को रोकने के लिए इस बैठक की बात सामने आई थी। जिसमें पत्र लिखने वाले समूह में शामिल कुछ नेताओं के सोनिया गांधी से मुलाकात की बात सामने आई थी। सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी के साथ इन नेताओं की मुलाकात की भूमिका तैयार करने में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यममंत्री कमलनाथ की अहम भूमिका है। 

बता दें कि हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सूत्रों बताते हैं कि कमलनाथ ने मिलकर कांग्रेस अध्यक्ष को सलाह दी थी कि उन्हें खुद पार्टी के असंतुष्ट वरिष्ठ नेताओं से मिलकर उनकी नाराजगी दूर करनी चाहिए।

 

Created On :   19 Dec 2020 5:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story