पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और येदियुरप्पा एवं बोम्मई के नेतृत्व में सुरक्षित है प्रदेश - जेपी नड्डा

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
बेंगलुरु पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और येदियुरप्पा एवं बोम्मई के नेतृत्व में सुरक्षित है प्रदेश - जेपी नड्डा

डिजिटल डेस्क,बेंगलुरु/नई दिल्ली। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस और जेडीएस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया गया है कि दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार, वंशवाद, परिवारवाद, कमीशनखोरी ,जातिवाद, सांप्रदायिक राजनीति, सभी तरह की हिंसक और फूट डालो राज करो की राजनीति में विश्वास करती है।

कर्नाटक में होने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बेंगलुरु में विजय संकल्प रथ यात्रा का शुभारम्भ करने के बाद भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने जहां एक तरफ जम कर अपने दोनों विरोधी दलों कांग्रेस और जेडीएस पर जमकर निशाना साधा तो वहीं साथ ही कर्नाटक भाजपा में मचे घमासान के मद्देनजर उन्होंने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा के साथ-साथ राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की भी जमकर तारीफ की। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश सुरक्षित है और येदियुरप्पा और बोम्मई के नेतृत्व में प्रदेश सुरक्षित है।

विरोधी दलों पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि जेडीएस जहां परिवारवाद की राजनीति करने में विश्वास करती है वहीं कांग्रेस परिवार लिमिटेड पार्टी है। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण कांग्रेस में ऊपर से लेकर नीचे तक के नेता आज बेल पर हैं। जेडीएस और कांग्रेस भाई-भाई हैं। दोनों ही भ्रष्टाचारी हैं। जेडीएस को वोट देने का मतलब कांग्रेस को वोट देना और कांग्रेस को वोट देने का मतलब करप्शन को मजबूती देना है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि ये भारत तोड़ो का काम करने में लगे हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इन्हें किसी ने ध्यान से नहीं सुना, लेकिन आजकल इंग्लैंड में भाषण देते मिल रहे हैं। इनको पता ही नहीं है कि मोदी का विरोध करते करते ये भारत का विरोध कर रहे हैं। ये लोग कहते हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी जबकि देश की जनता कह रही है- मोदी तेरा कमल खिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रजातंत्र में विचारों की लड़ाई होती है। विचारधारा और तर्क की लड़ाई होती है। आंकड़ों पर बहस होती है। लेकिन कांग्रेस पार्टी जिस तरह स्तरहीन भाषाओं का इस्तेमाल कर रही, उससे मालूम होता है कि कांग्रेस पार्टी का मानसिक दिवालियापन हो चुका है।

कर्नाटक की धरती से कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब भी शासन में आती है, तो समाज में बिखराव आता है। कांग्रेस पार्टी फूट डालो और राज करो की नीति पर चलती है। वोट बैंक की राजनीति शुरू कर देती है। कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति में लोगों को डरा कर वोट लेने की कोशिश होती है। कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है तो अपने साथ भ्रष्टाचार भी लाती है। सिद्धारमैया सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति कर लॉ आर्डर को खत्म कर दिया था और समाज के विकास को रोका था।

भाजपा अध्यक्ष ने पीएफआई के लोगों पर दर्ज मामले वापस लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में पीएफआई प्रतिबंधित संगठन है जबकि कांग्रेस और जेडीएस, दोनों पार्टियों ने मिलकर पीएफआई के लोगों पर लगाए गए लगभग एक हजार केस वापस ले लिए थे। इन दोनों पार्टियों ने पीएफआई के लगभग एक हजार सक्रिय सदस्यों को जेल से छुड़वाया था। ऐसे लोगों को बढ़ावा देने का काम कांग्रेस और जेडीएस करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश सुरक्षित है और येदियुरप्पा और बोम्मई के नेतृत्व में प्रदेश सुरक्षित है।

भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की बोम्मई सरकार के कामकाज को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और कर्नाटक तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की दूरगामी नीतियों एवं योजनाओं की वजह से कोरोना काल के बाद भारत की अर्थनीति स्थायित्व के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि दुनिया के अन्य देश अब भी अपनी अर्थनीति से जूझ रहे हैं। विभिन्न देशों की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि रुस में मुद्रास्फीति 11 प्रतिशत, इटली में 10 प्रतिशत, यूनाईटेड किंगडम में 10 प्रतिशत, ऑस्ट्रेलिया में 7.8 प्रतिशत है, जबकि भारत में यह दर मात्र 6.5 प्रतिशत है।

आपको बता दें कि, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने ही इसी महीने एक मार्च को कर्नाटक में चामराजनगर के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक माले महादेश्वर मंदिर मैदान से हरी झंडी दिखाकर भाजपा के राज्यव्यापी विजय संकल्प रथ यात्रा का शुभारंभ किया था। दूसरी विजय संकल्प रथ यात्रा को दो मार्च को बेलगावी में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रवाना किया था। इसके बाद, तीन मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीदर और देवनहल्ली से तीसरे और चौथे विजय संकल्प रथ यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था।

 

(आईएएनएस )

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Created On :   9 March 2023 6:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story