MP चुनाव 2023: नेहरू की जयंती पर पीएम मोदी ने गांधी परिवार पर साधा निशाना, आदिवासी समाज की बदहाली को लेकर नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी को किया टारगेट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में करीब दो दिन बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सूबे की सियासत चरम पर है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बैतुल, शाजापुर और झाबुआ पहुंचे। जहां पीएम मोदी ने कांग्रेस को गुंडागर्दी, दंगे-फसाद, भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करने वाली पार्टी बताया। मध्य प्रदेश से चुनावी रैली के दौरान उन्होंने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में शासन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को जनता से कोई लेना देना नहीं है। इसके अलावा उन्होंने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के 1.5 साल के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए।
बैतूल में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "ये चुनाव है मध्य प्रदेश के विकास को डबल रफ्तार देने का। ये चुनाव है कांग्रेस के लूट और भ्रष्टाचार को फिर कभी मध्य प्रदेश की तिजोरी पर हाथ न लगाने देने का। कांग्रेस का पंजा छिनना जानता है, लूटना जानता है। आपका तो अनुभव है जहां जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई। कांग्रेस जो वादा करती है, वो कभी पूरा नहीं करती है। पिछली बार कर्ज़ माफी का वादा करने वाली पार्टी सरकार बनने के 1.5 साल बाद तक भी अपने वादे पूरे नहीं कर पाए। वे इस दौरान प्रदेश को लूटने में ही पड़े रहे।"
'ये आलू वाला सोना नहीं है'
इसके बाद पीएम मोदी शाजापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस के पास आपको देने के लिए सिर्फ और सिर्फ विरोध है, निराशा है, नकारात्मकता है। कांग्रेस शुरूआत से ही तुष्टिकरण, गुंडागर्दी, दंगे-फसाद, भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करती है। कांग्रेस के न तो संगठन में दम है और न ही नीयत है। आप राजस्थान में देखिए, छत्तीसगढ़ में देखिए, वहां कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार की क्या स्थिति है। अब वो डरने लगे हैं कि कहीं लॉकर न खुल जाए। उनको चिंता है कि मोदी को लॉकर का कैसे पता है। लॉकर खुल रहे हैं और नोटों के ढ़ेर निकल रहे हैं। सोना निकल रहा है, सोना। और ये आलू वाला सोना नहीं है।" नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपको यह याद रखना है, कांग्रेस वो पार्टी है जो निवेशकों को भगाती है। कांग्रेस वो पार्टी है, जो हजारो करोड़ों का भ्रष्टाचार करती है। कांग्रेस वो पार्टी है जो सिर्फ एक परिवार के लिए काम करती है, उसे आपके परिवार से कोई मतलब नहीं है। आज इस देश में आप देख लीजिए, जहां-जहां कांग्रेस आई तबाही लाई।"
'यह ड्रामा नाना, दादी, पिता सभी ने किया'
शाजापुर में जनसभा को संबोधित करने के तुरंत बाद पीएम मोदी झाबुआ पहुंचे। जहां उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा, "कांग्रेस के पंजे को मिलेगी करारी हार, एमपी चुनेगा भाजपा बार-बार। कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी समाज को वोट बैंक के रूप में ही देखा है। डबल इंजन की सरकार ने आदिवासी समाज के लिए निरंतर काम किया है। कांग्रेस जब सत्ता में थी तब पिछड़े क्षेत्रों से सिर्फ भुखमरी की तस्वीरें आती थी, कुपोषित बच्चों की तस्वीरें आती थी, कांग्रेस के नेता आदिवासी समाज के साथ तस्वीर खींचवाकर उनकी गरीबी और बदहाली दिखाते थे, यह ड्रामा नाना, दादी, पिता सभी ने किया।"
#WATCH झाबुआ, मध्य प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस के पंजे को मिलेगी करारी हार, एमपी चुनेगा भाजपा बार-बार... कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी समाज को वोट बैंक के रूप में ही देखा है। डबल इंजन की सरकार ने आदिवासी समाज के लिए निरंतर काम किया है... कांग्रेस जब सत्ता में… pic.twitter.com/3VK0uqPcOP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 14, 2023
आज चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी के निशाने पर कांग्रेस रही। जहां कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती में व्यस्त नजर आ रहे थे, वहीं इस दौरान पीएम मोदी आदिवासी समाज की बदहाली को लेकर नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी को कोसते नजर आए। हालांकि, अभी तक कांग्रेस की ओर से पीएम मोदी के इस बयान पर किसी भी तरह का जवाब सामने नहीं आया है।
बता दें कि मंगलवार सुबह को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया X (पूर्व में ट्विटर) के जरिए पंडित जवाहरलाल नेहरू को 134वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ''हमारे पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।''
Tributes to our first Prime Minister Jawaharlal Nehru Ji on his birth anniversary.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 14, 2023
Created On :   14 Nov 2023 7:22 PM IST












