चेन्नूर विधानसभा :: कत्ल की रात जो कटेगा, वह जीतेगा

कत्ल की रात जो कटेगा, वह जीतेगा
राज्य के सबसे अमीर प्रत्याशी कांग्रेस के जी. विवेकानंद की है 600 करोड़ की संपत्ति, कमजोर भाजपा ने फिर लगाया दांव

चेन्नूर (तेलंगाना) से संजय देशमुख । महाराष्ट्र की सीमा से महज 20 कि.मी.दूर तेलंगाना राज्य की विधानसभा सीट है, नाम है चेन्नूर। चुनाव का हालचाल, बहती हवा, किसका जोर, किसका पलड़ा भारी आदि आम तरह के सवालों की बौछार के बाद सवारी का इंतजार कर रहे पैंतीस वर्षीय ऑटो चालक सला चिन्नाना ने कहा, 29 नवंबर को कत्ल की रात ‘जो कटेगा, वह जीतेगा’। पलटकर फिर सवाल किया, उम्मीदवार क्या बकरे हैं, जो कटेंगे?

चिन्नाना ने कहा, दोनों उम्मीदवार पैसेवाले हैं। चिन्नाना की बातों में इसलिए भी दम है कि चेन्नूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस प्रत्याशी डाॅ. जी. विवेकानंद ने 600 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की है। विवेक और उनकी पत्नी के पास 377 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। जी. विवेकानंद तेलंगाना राज्य के सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। मुख्यमंत्री के.चन्द्रशेखर राव के करीबी भारतीय राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रत्याशी व विधायक बाल्का सुमन ने भले ही अपनी संपत्ति 73.51 लाख घोषित की हो, लेकिन उनके भी करोड़ों की आसामी होने की बात कही जाती है। जी. विवेकानंद ने 600 करोड़ की संपत्ति घोषित करते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) 21 नवंबर को विवेकानंद के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी के लिए पहुंच गई। ऐसा बताया जाता है कि बाल्का सुमन द्वारा दायर की गई शिकायत के बाद यह तलाशी ली गई। 30 नवंबर को होने जा रहे चुनाव में धनशक्ति विरुद्ध विकास के पलड़े में मतदाता किसे तौलते हैं, यह तो 3 दिसंबर को पता चलेगा।

कांग्रेस में पिता का प्रवेश, पुत्रों को मिला टिकट : चेन्नूर विधानसभा सीट एससी वर्ग के लिए आरक्षित है और मंचेरियल जिले के दक्षिण में स्थित है । यह पेद्दापल्ली लोकसभा क्षेत्र में आता है । 2018 में, बीआरएस के बाल्का सुमन ने ग्रेस के व्यंकटेश नेता बोरलाकुंटा को हराकर 28,132 से अधिक वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। सुमन को 71,980 से अधिक वोट मिले थे। इस बार बीआरएस और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है, जबकि भाजपा यहां अपनी जमीन तलाशने में जुटी हुई है। बाल्का सुमन पहले सांसद रह चुके हैं। जबकि जी. विवेकानंद के पिता जी. वेंकटस्वामी भी पेद्दापल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद और केन्द्रीय मंत्री रह चुके हैं। उनके दूसरे पुत्र विनोद भी अविभाजित हैदराबाद में कांग्रेस सरकार में कामगार मंत्री रह चुके हैं। गांधी परिवार के प्रति निष्ठा रखने वाले जी. वेंकटस्वामी ने कांग्रेस को छोड़कर बीआरएस फिर भाजपा और ठीक चुनाव से पहले कांग्रेस में घर वापसी की है। विधानसभा चुनाव से एक महीने पहले तक वेंकटस्वामी भाजपा के घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष थे। कांग्रेस ने जी. वेंकटस्वामी को पैकेज के तौर पर उनके दोनों पुत्रों का पुनर्वास किया। जी. विवेकानंद को चेन्नूर और दूसरे पुत्र जी. विनोद को बेलामपल्ले विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया।

रहते हैदराबाद में हैं और काम करेंगे चेन्नूर में : बीआरएस प्रत्याशी बाल्का सुमन केसीआर के किचन कैबिनेट में शामिल हैं। महाराष्ट्र में बीआरएस की एन्ट्री का खाका तैयार करनेवाली कोर कमेटी के वे मुख्य सदस्य हैं और रेत माफिया के तौर पर जाने जाते हैं। कांग्रेस का आरोप है कि रेत से जुड़े सारे ठेके उनके पास ही होते हैं। दोनों प्रत्याशियों पर बाहरी होने का आरोप है। जी.विवेक और बाल्का सुमन का अधिकांश समय हैदराबाद में ही बीतता है। हालांकि बाल्का सुमन चेन्नूर से 45 कि.मी. दूर कामनपल्ली के निवासी हैं। जी. विवेक पहले ही पिता के माध्यम से चेन्नूर से जुड़े हुए हैं।

विकास के अपने-अपने दावे : बीआरएस के चेन्नूर शहर उपाध्यक्ष मो. नवाजउद्दीन का कहना है कि बाल्का सुमन के केसीआर के करीबी का होने का लाभ चेन्नूर को हुआ है। पचास बेड के अस्पताल का निर्माण हुआ है। सौ बेडवाले एक अस्पताल का निर्माण भी शुरू है। केसीआर पार्क, चौड़ी सड़कें इन सब विकास कार्यों ने शहर की तस्वीर बदलकर रख दी है। दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अकिल सैयद ने कहा कि पूर्व सांसद जी. वेंकटस्वामी के कार्यकाल में पॉवर प्लान्ट, रिंग रोड के निर्माण के साथ ही शहर का विकास हुआ है। मुख्यमंत्री के. चन्द्रशेखर राव प्रचार की समाप्ति से एक दिन पूर्व 27 नवंबर को चेन्नूर में रोड शो करने वाले हैं।

भाजपा पर नोटा की विजय : 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अंडुगुला श्रीनिवास को महज 2002 वोट मिले थे जबकि नोटा के खाते में 2173 वोट पड़े। खास बात यह है कि भाजपा को मिले वोट से नोटा को मिले वोटों की संख्या अधिक थी। भाजपा ने इस बार प्रत्याशी को बदलकर दुर्गम क्षेत्र के अशोक पर दांव लगाया है। चेन्नूर क्षेत्र में कुल 1,76,455 पात्र मतदाता हैं। इन मतदाताओं में 88,497 पुरुष और 87,947 महिला मतदाताओं का समावेश है।



Created On :   25 Nov 2023 5:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story