BJP On Bhagwant Maan: 'AAP-दा पार्टी पूरी तरह से महिला विरोधी पार्टी', पंजाब सीएम भगवंत मान के विवादित बयान पर बीजेपी ने साधा निशाना

- भगवंत मान ने दिया सिंदूर को लेकर विवादित बयान
- भगवंत मान के बयान पर मचा बवाल
- बीजेपी ने साधा पंजाब के सीएम भगवंत मान पर निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर बयान देने के साथ-साथ बीजेपी पर आरोप लगाया है कि सिंदर के नाम पर वोट मांग कर रहे हैं। पंजाब के सीएम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि, 'एक देश, एक पति' योजना शुरू कर दी है क्या? इसके बाद से ही सियासत में हलचल जारी है। इस बयान के बाद से ही बीजेपी भी लगातार पलटवार कर रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने बयान दिया है और कहा है कि, भगवंत मान का सिंदूर पर बयान बहुत ही शर्मनाक है।
तरुण चुघ ने क्या कहा?
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भगवंत मान के बयान को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि, 'भगवंत मान का सिंदूर पर बयान शर्मनाक है। जो लोग(पहलगाम आतंकी हमले में) मारे गए हैं, यह उनकी विधवाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। ऐसा बयान नारी गरिमा और बलिदान की भावना का घोर अपमान है। ऑपरेशन सिंदूर भारत के पराक्रम की गाथा है, वीरों के शौर्य की गाथा है, पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकी ठिकाने तबाह करने की गाथा और आप(भगवंत मान) उस पर मजाक बना रहे हैं? क्या ऑपरेशन सिंदूर मजाक का विषय है? सिंदूर पर मजाक मत कीजिए, यह कॉमेडी शो नहीं है। यह उनकी दूषित घटिया मानसिकता का प्रमाण है। यह 'AAP-दा' पार्टी पूरी तरह महिला विरोधी पार्टी है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'
प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने भी दिया बयान
बीजेपी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने भगवंत मान के बयान पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि, 'सीएम ने सारी हदें पार कर दी हैं। हर घर में सिंदूर भेजने की बीजेपी की कोई योजना नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर शब्द के इस्तेमाल इसलिए गया था क्योंकि आतंकवादियों ने हिंदुओं का धर्म देखकर उनको मारा है। सिंदूर एक ऐसा प्रतीक है, जिसका इस्तेमाल उन्होंने महिलाओं की पहचान के लिए किया था। लेकिन भगवंत मान इसे नहीं समझ सकते हैं। जो भी व्यक्ति भारतीय सेना का मजाक बना रहा है, वीर नारियों का अपमान करता है, हर पवित्र प्रतीक का मजाक उड़ाता है, वो सिंदूर की कीमत कभी नहीं समझेगा।'
भगवंत मान ने क्या कहा था?
पंजाब सीएम भगवंत मान ने बीजेपी पर ताना कसते हुए कहा था कि, वे (बीजेपी) सिंदूर के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने सिंदूर का मजाक बनाकर रख दिया है। क्या आपने ये नहीं देखा है? अगर वे आपके घर सिंदूर लेकर आते हैं तो क्या आप मोदी के नाम पर 'सिंदूर' लगाने लगेंगे? क्या आप 'एक देश, एक पति' योजना लेकर आ रहे हैं? बता दें, पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 19 जून को होंगे और वोटिंग 23 जून को होगी।
Created On :   4 Jun 2025 1:53 PM IST