PM Modi's Bihar visit: 'उनके भाषण में कोई नया कंटेंट नहीं..उनमें जमीनी समझ की कमी', पीएम मोदी के बिहार दौरे पर तेजस्वी यादव ने साधा निशाना

उनके भाषण में कोई नया कंटेंट नहीं..उनमें जमीनी समझ की कमी, पीएम मोदी के बिहार दौरे पर तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
  • बिहार में इस साल होना है विधानसभा चुनाव
  • पीएम मोदी ने किया बिहार का दौरा
  • तेजस्वी यादव ने लगाया जुमलेबाजी करने का आरोप

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार पहुंचे। उनके इस दौरे पर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी बिहार आते हैं, बिहार के 100 करोड़ रुपए खर्च होते हैं।

2005 से पहले नहीं होता था ऐसा तमाशा

पटना में आरजेडी प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी के भाषण में कोई नया कंटेंट नहीं था, वही पुरानी बातों को दोहराया गया। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि आखिर पीएम मोदी ने सीवान को क्या दिया? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रैली में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन को लगाया गया और जबरदस्ती भीड़ बुलाई गई। ऐसा तमाशा 2005 से पहले नहीं होता था।

पीएम को नहीं जमीनी सच्चाई की समझ

राजद नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टेलीप्रॉम्पटर पढ़कर भाषण देते हैं, उन्हें जमीनी सच्चाई की कोई समझ नहीं है। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी भड़कते हुए कहा कि वे लगातार हवाई यात्रा कर रहे हैं, आखिर उनका खर्चा कौन वहन कर रहा है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पांच बार हेलीकॉप्टर से सीवान आए और वापस गए, उसका भी खर्च लगता है, उनकी सुरक्षा में भी खर्च होता है। देश के सबसे गरीब राज्य को लूटा जाता है।

जुमलों की बारिश कर गए पीएम

तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव पर आरोप लगाने वाले पीएम मोदी को समझना चाहिए कि आज देश में कोई भी ट्रेन चल रही है तो पहिया बिहार बना रहा है, ये लालू यादव की देन है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कथा सुनाकर गए हैं। जुमलों की बारिश करके चले गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को बिहार के लोग चलाएंगे।

Created On :   21 Jun 2025 12:56 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story