असम विधानसभा चुनाव 2026: बरपेटा में PM मोदी का रोडशो, कांग्रेस को घेरने से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक...जनसभा में पीएम का जिक्र

बरपेटा में PM मोदी का रोडशो, कांग्रेस को घेरने से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक...जनसभा में पीएम का जिक्र
पीएम मोदी ने असम के बरपेटा में जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इसके अलावा उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर भारतीय सेना की भी सराहना की।

डिजिटल डेस्क, दिसपुर। असम विधासनभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज है। सभी पार्टियां रैलियां निकाल कर जनता को रिझाने की कोशिश कर रही हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दौरे पर आए हैं। उन्होंने सोमवार (6 अप्रैल) को बरपेटा में रोड शो कर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। इसके अलावा पीएम ने महिला आरक्षण बिल और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। तो चलिए विस्तार से जानते हैं उन्होंने क्या कहा?

कांग्रेस पर प्रहार

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों का खुलेआम समर्थन कर रही है। आप ही बताइए, क्या घुसपैठियों को वापस भेजा जाना चाहिए या नहीं? कांग्रेस अवैध कब्ज़े के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का विरोध कर रही है। कांग्रेस असम में एक ऐसा कानून बनाने की बात कर रही है, जिसके तहत 'घुसपैठिया' शब्द बोलने वालों को भी जेल हो जाएगी। मुझे बताइए, क्या आप ऐसे कानून को मंज़ूरी देंगे? कांग्रेस इस कानून में ही घुसपैठियों को 'पीड़ित' घोषित कर देगी। और यहाँ की मूल निवासी बहुसंख्यक आबादी, यानी आदिवासी लोगों पर, हमेशा जेल जाने का खतरा बना रहेगा। BJP को दिया गया आपका वोट असम को सुरक्षा प्रदान करेगा।

कांग्रेस पर आरोप

PM नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो विकास के लिए कभी भी दूरगामी सोच के साथ काम नहीं करती। कांग्रेस केवल तात्कालिक लाभ के लिए काम करती है, ताकि वह भ्रष्टाचार में लिप्त हो सके। दूसरी ओर, BJP एक ऐसी पार्टी है जो दूरगामी सोच के साथ काम करती है। हम एक विकसित असम के माध्यम से भारत को विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, और यही कारण है कि हमने पिछले दस वर्षों में पूरी लगन से काम किया है। पिछले दस वर्ष असम में शांति और सद्भाव स्थापित करने के लिए समर्पित रहे। आने वाले वर्ष असम की समृद्धि का विस्तार करेंगे।

'मैंने गुजरात में सालों काम किया'

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि सड़क पर खड़े होने की भी जगह नहीं है। यह मैदान खचाखच भरा हुआ है। मैंने गुजरात में सालों काम किया है। अगर मुझे सुबह दस या ग्यारह बजे कोई सभा करनी होती, तो मैं इतने लोगों को इकट्ठा नहीं कर पाता। आपने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। असम की जनता ने इस बार दो बड़े काम किए हैं। पहला, असम में BJP-NDA सरकार जीत की हैट्रिक लगाएगी। और दूसरी बात जो होने वाली है, वह यह है कि कांग्रेस के 'शाही परिवार' के जो बड़े-बड़े नाम दिल्ली में बैठे हैं, असम चुनाव के नतीजों के बाद असम की जनता उन्हें हार की 'सेंचुरी' का रिकॉर्ड बनाने पर मजबूर कर देगी।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस भी है। मैं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूँ। 'राष्ट्र प्रथम' के मंत्र के साथ, हम सभी भारत माता की सेवा में जुटे हुए हैं। हमारा संकल्प देश का विकास करना और भारत को आत्मनिर्भर बनाना है। और इसी संकल्प के साथ, BJP इस चुनाव में भी आपका आशीर्वाद मांग रही है।"

महिला आरक्षण बिल पर क्या कहा?

महिला आरक्षण बिल पर PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने 16 अप्रैल से शुरू होने वाला संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है। हमने देश की सभी राजनीतिक पार्टियों के साथ इस पर चर्चा की है। हमने सभी से आग्रह किया है कि वे देश की बहनों और बेटियों के अधिकारों से जुड़े इस काम को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं। कुछ लोग इस नेक काम को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। देश के सभी राज्यों को इससे फायदा होगा। किसी भी राज्य को इससे कोई नुकसान नहीं होगा। चाहे वह पूर्वोत्तर हो या दक्षिण भारत, जहां जनसंख्या नियंत्रण का चलन है, उनका प्रतिनिधित्व बिल्कुल भी कम नहीं होगा। हम महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीटें देने की व्यवस्था कर रहे हैं। सीटों की मौजूदा संख्या को और बढ़ाया जाना चाहिए। इसलिए, मैं विशेष रूप से असम की बहनों से आग्रह करता हूं कि वे सभी राजनीतिक पार्टियों के सभी नेताओं से मिलकर इस कानून को पारित करवाने का आग्रह करें।

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी, हमारी सेनाओं ने पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया था। लेकिन कांग्रेस ने वह गाना गाया, जिसे पाकिस्तान ने लिखा, कंपोज किया और पसंद किया था।

Created On :   6 April 2026 12:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story