पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: पहले फेज की बंपर वोटिंग से BJP कॉन्फिडेंट, PM मोदी ने TMC की हार का किया दावा

डिजिटल डेस्क, कोलकाता।पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के बाद अब दूसरे चरण के मतदान पर सियासी दल फोकस कर रहे हैं। इस क्रम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी कोलकाता के दमदम में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने टीएमसी को निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी का दिया बुझने वाला है। बुझता दिया फड़फड़ाता है। बंगाल में परिवर्तन की लहर है। पहले चरण की वोटिंग ने इस पर मुहर लगा दी है। पीएम ने महिला आरक्षण पर कहा कि भाजपा बेटियों के सपने कुचलने नहीं देगी। बता दें, पश्चिम बंगाल में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ था। इस दौरान राज्य की 152 सीटों पर कुल 92 प्रतिशत रिकॉर्ड वोटिंग हुई थी। इसके बाद बीजेपी ने अपने जीत का दावा ठोक दिया था।
यह भी पढ़े -BJP की पदयात्रा पर अखिलेश यादव का तंज, महिलाओं को बिना जानकारी के जबरन शामिल करने का लगाया आरोप
दमदम में पीएम मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना
दमदम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की जो लहर दिख रही थी। कल पहले चरण के मतदान ने उसपर मुहर लगा दी है। कल भाजपा के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने भाजपा की विजय का शंखनाद कर दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जिस बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था। अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को खंडित कर दिया था। उस बंगाल में पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। अब दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्वज फैलाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब टीएमसी बहुत बुरी तरह बौखला गई है। कल रात भर टीएमसी अपने गुंडों को ताकत दे रही थी कि मैदान में आओ। मैं बंगाल की जनता से कहूंगा, भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि मत भूलिए, ये क्रांति की धरती है, ये वीरों की धरती है। ये मत भूलना कि हर बुझता हुआ दीपक थोड़ा फड़फड़ाता है, वैसे ही टीएमसी का दीया भी बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है। 4 मई को नतीजे आने के बाद TMC के गुंडों को बंगाल में छुपने की जगह नहीं मिलेगी, उन्हें कोई बचाने वाला नहीं मिलेगा। कल पहले चरण के मतदान ने TMC के महाजंगलराज के अंत का उद्घोष कर दिया है।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी के लिए बांग्ला में लिखी किताब, अनोखा तोहफा लेकर बारुईपुर सभा में पहुंची प्रशंसक
बंगाल में बीजेपी सरकार बनने का किया दावा
पीएम ने चुनावी सभा में कहा कि बंगाल का गौरव फिर से लौटाने के लिए, बंगाल को फिर से अवसरों की भूमि बनाने के लिए ये आजादी बहुत जरूरी है। उन्होंने टीएमसी के भय, भ्रष्टाचार, सिंडिकेट, बेटियों पर अत्याचार, पलायन की मजबूरी, घुसपैठियों के कब्जे, बेरोजगारी और बेकारी से आजादी की बात कही। पीएम ने कहा, "गुलामी की बेड़ियां तोड़ने के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र का आह्वान किया था- तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। ये बंगाल में नई क्रांति की बेला है। ये क्रांति आपके एक वोट से होगी। इसलिए मैं बंगाल की जनता से करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि आप हमें वोट रूपी आशीर्वाद दीजिए, हम मिलकर बंगाल को अनेक कष्टों से आजादी दिलाएंगे। मैं देख रहा हूं कि बंगाल की नारीशक्ति 21वीं सदी के बंगाल की नई गाथा लिखने जा रही है। बंगाल की हर महिला कह रही है- अब नहीं सहेंगे, टीएमसी सरकार बदलकर रहेंगे। मैं आज बंगाल की हर बेटी को ये भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा, बेटियों के सपने नहीं कुचलने देगी। 4 मई को भाजपा सरकार बनने के बाद हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइल खुलेगी। ये मोदी की गारंटी है।"
पीएम मोदी ने कहा, "आपका घर का सपना भी पूरा होगा। पीएम आवास योजना के तहत 1.5 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी और जो घर बनेगा वो महिलाओं के नाम पर ही होगा। भाजपा बंगाल की हर बहन-बेटी के सपनों को पूरा करने और उनका जीवन आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बंगाल की बहनों से भाजपा का सीधा वादा है कि भाजपा आपको सुरक्षा देगी, भाजपा आपको सम्मान देगी और भाजपा से ही आपको समृद्धि मिलने वाली है। भाजपा सरकार में यहां की हर महिला के जीवन में खुशहाली आएगी, गरीब बहनों को मुफ्त राशन मिलेगा। कोई सिंडिकेट आपका हक नहीं छीन पाएगा। बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी, तो उसके लिए यहां के मध्यम वर्ग का हित भी सर्वोपरि होगा। मध्यम वर्ग का जीवन आसान बने, इसके लिए बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने अनेक निर्णय लिए हैं। 2014 से पहले जब दिल्ली में TMC के समर्थन वाली सरकार चलती थी, वो सरकार तब 2 लाख से अधिक की सालाना आय और टैक्स लगाती थी। हमने मध्यम वर्ग को टैक्स में भारी छूट दी, आज 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स जीरो है।"
Created On :   24 April 2026 1:37 PM IST












