नीट पेपर लीक मामला: सीजेपी प्रदर्शन पर पक्ष-विपक्ष का राजनीतिक टकराव, मायावती ने बताया अनुचित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सीजेपी के प्रदर्शन से शुरु हुए सियासी बवाल पर बीएसपी प्रमुख मायावती ने सरकार और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कई बातें कही
मायावती ने कहा काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का देश की राजधानी नई दिल्ली में संसद के नज़दीक जन्तर मन्तर में पिछले कई दिनों से, ख़ासकर मेडिकल की नीट जैसी विशेष परीक्षा आदि में पेपरलीक व अन्य गड़बडियों के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं व उनके परिवार के काफी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे जीवन को लेकर जारी अनिश्चितकालीन आन्दोलन के कारण सड़क से लेकर संसद तक में ज़बरदस्त हंगामा बरपा है और अब इसका राजनीतिकरण करने से यह मुद्दा सरकार के साथ सीधे टकराव का हो गया है, जिस विषम स्थिति से देश को निकालना जरूरी है, क्योंकि इससे दिल्ली में ही नहीं बल्कि विभिन्न राज्यों में भी आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा वैसे चाहे पूरे देश में अयोध्या श्रीराम मन्दिर में चढ़ावा चोरी/ग़बन आदि का गर्म मामला हो या फिर आल-इण्डिया व राज्यों की परीक्षाओं आदि में पेपरलीक का मुद्दा हो, यह सभी मूलतः भ्रष्टाचार के हर स्तर पर पनपने का ही परिणाम है। इसके साथ ही यह संवैधानिक नैतिकता (constitutional morality) से भी जुडा़ मामला है, जिसके अभाव में यह देश को दीमक की तरह खाता चला आ रहा है, जबकि संविधान निर्माता परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर ने गुड गवरनेन्स हेतु इस पर खास ध्यान देने की जरूरत पर विशेष बल दिया है।
बीएसपी अध्यक्ष ने ये भी कहा देश व जनहित से जुड़े वर्तमान विकट हालात के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु सरकार तथा कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी भूमिका निभाने की पहल करनी चाहिये तो यह बेहतर होगा। इसके साथ ही सीजेपी के व्यापक हो रहे आन्दोलन का अब विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने संकीर्ण स्वार्थ में राजनीतिकरण करके सड़क से लेकर संसद तक में टकराव व हिंसा किया जाना घोर अनुचित। सरकार व आन्दोलनकारी दोनों मिलकर इसका शान्ति व सौहार्दपूर्ण समाधान जितना जल्द निकालें उतना ही उचित।
मायावती ने इससे पहले भी मानसून सत्र के शुरुआती दिन भी एक्स पर पोस्ट शेयर की थी।
यह भी पढ़े -आगामी चुनाव में क्यों 'हाथी' की सवारी करना चाहती हैं सपा-कांग्रेस? बसपा पहले ही अकेले चुनाव लड़ने का कर चुकी है ऐलान
मानसून सत्र के शुरु होने के एक दिन पहले भी बीएसपी चीफ ने एक्स पर पोस्ट साझाकर देश के गंभीर मुद्दों और सदन की कार्यवाही को लेकर सरकार और विपक्ष पर निशाना साधा।
Created On :   23 July 2026 4:52 PM IST







