Manipur Politics: मणिपुर में सियासी सरगर्मी, 10 विधायकों की राज्यपाल से मुलाकात, CM के चेहरे पर BJP केंद्रीय नेतृत्व लेगा फैसला, एन बीरेन सिंह के दोबारा मुख्यमंत्री बनने का कितना चांस

- मणिपुर में सियासी सरगर्मी
- 10 विधायकों की राज्यपाल से मुलाकात
- CM के चेहरे पर BJP केंद्रीय नेतृत्व लेगा फैसला
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मणिपुर में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को 10 विधायकों ने राज्यपाल से मुलाकात की, जिसके बाद सरकार गठन की कवायद ने जोर पकड़ लिया है। विधायकों का दावा है कि 60 सदस्यीय विधानसभा में उनके पास 44 विधायकों का समर्थन है, लेकिन मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर मामला अटक गया है।
बीजेपी विधायकों की मांग, एन बीरेन सिंह फिर बनें CM- सूत्र
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के ज्यादातर विधायक एन बीरेन सिंह को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में हैं। हालांकि, पिछले सालों में राज्य में हुई हिंसा और अन्य घटनाओं के कारण विपक्ष ने उन पर सवाल उठाए थे, जिसके चलते उन्होंने फरवरी 2025 में इस्तीफा दे दिया था। अब मुख्यमंत्री का फैसला बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया गया है।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद क्या बोले विधायक?
मुलाकात के बाद बीजेपी विधायक थोकचों राधेश्याम ने कहा, "हमारे पास 44 विधायकों का समर्थन है। हमने राज्यपाल को इसकी जानकारी दी और समाधान के लिए चर्चा की। अब अंतिम फैसला हमारा केंद्रीय नेतृत्व करेगा।"
हिंसा के कारण लागू हुआ था राष्ट्रपति शासन
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। मई 2023 से शुरू हुई हिंसा, खासकर मैतेई और कुकी समुदायों के बीच संघर्ष, इसके पीछे की प्रमुख वजह थी। वर्तमान में मणिपुर विधानसभा में 59 विधायक हैं, क्योंकि एक विधायक का निधन हो चुका है।
क्या होगा अगला कदम?
अब सबकी नजरें बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व पर टिकी हैं, जो मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा। सियासी गलियारों में चर्चा है कि जल्द ही इस मामले में बड़ा फैसला हो सकता है।
Created On :   29 May 2025 10:29 PM IST