बिहार विधानसभा चुनाव 2025: जनसुराज पार्टी चीफ प्रशांत किशोर का राहुल गांधी पर हमला, चुनाव के समय बिहार आने पर उठाए सवाल

- बिहार में इस साल होने है विधानसभा चुनाव
- जनसुराज पार्टी चीफ प्रशांत किशोर का तंज
- राहुल गांधी के बिहार आने पर उठाए सवाल
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल के अंत से पहले विधानसभा चुनाव का आगाज होने वाला है। इसे लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हैं। इस बीच जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को सारण जिले के परसा और सोनपुर इलाकों में चल रही 'बिहार बदलाव यात्रा' के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपना हमला तेज कर दिया। प्रशांत किशोर ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय नेताओं पर आरोप लगाया कि वे केवल चुनाव के मौसम में ही बिहार आते हैं।
प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
परसा में अपनी रैली के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी के बिहार दौरे के समय पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा, "राहुल गांधी को बिहार केवल चुनाव के समय ही क्यों याद आता है? चाहे राहुल गांधी हों या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वे चुनाव के दौरान यहां आते हैं और मतदान समाप्त होते ही गायब हो जाते हैं।"
किशोर ने बिहार की कानून व्यवस्था की स्थिति की राहुल गांधी द्वारा की गई आलोचना पर निशाना साधा। किशोर ने सवालिया लहजे में पूछा, "राहुल गांधी अब अपराध की बात करते हैं, लेकिन जब लालू प्रसाद का जंगल राज जोरों पर था, तब वह कहां थे? उनकी पार्टी महागठबंधन का हिस्सा थी। तब उन्होंने कानून व्यवस्था का मुद्दा क्यों नहीं उठाया?"
राजीव गांधी को लेकर कही ये बात
उन्होंने बिहार के लोगों के साथ राहुल गांधी के जमीनी जुड़ाव पर भी संदेह जताया। किशोर ने कहा, "क्या राहुल गांधी ने कभी बिहार के किसी गांव में एक रात भी बिताई है? भाषण देना आसान है। लोगों के साथ रहना और उनका दर्द समझना कुछ और ही है।"
किशोर ने राहुल गांधी को उनके पिता दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा 1989 में किए गए अधूरे वादे की याद दिलाई। किशोर ने दावा किया, "उन्होंने पटना के गांधी मैदान के मंच से बिहार के लिए 50 हजार करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा की थी। लेकिन बिहार को उस घोषणा से एक भी रुपया नहीं मिला।"
उल्लेखनीय है कि किशोर की यह टिप्पणी राहुल गांधी के गया और नालंदा दौरे के बीच आई है, जहां कांग्रेस नेता ने अपराध, बेरोजगारी और संवैधानिक मूल्यों पर हमलों को लेकर केंद्र और राज्य की एनडीए सरकारों पर निशाना साधा था। उन्होंने बिहार को 'क्राइम कैपिटल' बताया था।
Created On :   7 Jun 2025 1:52 AM IST