Prashant Kishore: प्रशांत किशोर ने तोड़ा अपना 24 घंटे का मौन व्रत, पार्टी को लेकर किया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा?

प्रशांत किशोर ने तोड़ा अपना 24 घंटे का मौन व्रत, पार्टी को लेकर किया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा?
प्रशांत किशोर ने 24 घंटे के बाद अपना मौन व्रत तोड़ा है। उन्होंने कहा है कि उनकी कमाई का 90 प्रतिशत हिस्सा पार्टी को समर्पित होगा।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जन सुराज पार्टी को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। हालांकि, उनको वोट अच्छे मिले थे लेकिन जीत हासिल नहीं हुई। इसकी जिम्मेदारी प्रशांत किशोर ने खुद अपने ऊपर ले ली थी। इसके बाद प्रशांत किशोर ने 20 नवंबर को भितिहरवा आश्रम में गए थे, जहां से उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद गुरुवार को यहीं पर उन्होंने 24 घंटे का मौन वर्त रखकर आत्ममंथन शुरू किया था। आज विद्यालय की छात्राओं ने उनको जूस और पानी पिलाकर व्रत तुड़वाया है। उन्होंने मौन व्रत तोड़ने के बाद जन सुराज पार्टी के लिए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, जिसमें कई बड़े वादे किए हैं।

क्या बोले प्रशांत किशोर?

प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि गांधी जी की प्रेरणा से फिर से आंदोलन शुरू करेंगे। 15 जनवरी से बिहार के सभी 1 लाख 18 हजार वार्ड में जाकर बिहार नवनिर्माण संकल्प अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके तहत वे लोगों से बातचीत भी करेंगे। सरकार की तरफ से किए गए वादों को भी पूरा करने में मदद करेंगे।

प्रशांत किशोर ने साधा सरकार पर निशाना

प्रशांत किशोर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार ने चुनाव से ठीक पहले ही गरीब वोटरों को 10 हजार रुपए देकर चुप करवा दिया है। साथ ही 2 लाख रुपए देने का लोकलुभावन वादे ने भी जनता को भ्रमित कर दिया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें अब ईमानदार मुख्यमंत्री समझना बहुत ही मुश्किल हो गया है। सरकार में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को भी मंत्री बना दिया गया है।

पार्टी के लिए किया बड़ा ऐलान

प्रशांत किशोर ने जन सुराज पार्टी के लिए भी बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि उनकी कुल कमाई का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा जन सुराज पार्टी को ही समर्पित होगा। बीते 20 सालों में जो संपत्ति अर्जित की है, उसमें से परिवार के घर को छोड़कर जन सुराज को दान कर देंगे।

Created On :   21 Nov 2025 2:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story