Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस पर खुशी का माहौल, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने दी देशवासियों को बधाई, शाह-राजनाथ सिंह ने भी किया पोस्ट

गणतंत्र दिवस पर खुशी का माहौल, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने दी देशवासियों को बधाई, शाह-राजनाथ सिंह ने भी किया पोस्ट
रिपब्लिक डे के मौके पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत आज (26 जनवरी) अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। यह दिन देश, जवानों और संविधान को याद करने का अच्छा मौका है। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सभी दिग्गजों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बात रखी है। तो चलिए जानते हैं सबने क्या कहा?

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि देश और विदेश में रहने वाले, हम भारत के लोग, उत्साह के साथ, गणतन्त्र दिवस का उत्सव मनाने जा रहे हैं। मैं, आप सभी को गणतन्त्र दिवस के राष्ट्रीय पर्व की हार्दिक बधाई देती हूं। गणतन्त्र दिवस का पावन पर्व हमारे अतीत, वर्तमान और भविष्य में देश की दशा और दिशा का अवलोकन करने का अवसर होता है। स्वाधीनता संग्राम के बल पर, 15 अगस्त 1947 के दिन से, हमारे देश की दशा बदली। भारत स्वाधीन हुआ। हम अपनी राष्ट्रीय नियति के निर्माता बने।

उन्होंने आगे कहा कि 26 जनवरी 1950 के दिन से, हम अपने गणतन्त्र को, संवैधानिक आदर्शों की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उसी दिन, हमने अपने संविधान को पूरी तरह से लागू किया। लोकतन्त्र की जननी, भारतभूमि, उपनिवेश के विधि-विधान से मुक्त हुई और हमारा लोक-तंत्रात्मक गणराज्य अस्तित्व में आया। हमारा संविधान, विश्व इतिहास में आज तक के सबसे बड़े गणराज्य का आधार-ग्रंथ है। हमारे संविधान में निहित न्याय, स्वतन्त्रता, समता और बंधुता के आदर्श हमारे गणतन्त्र को परिभाषित करते हैं। संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रीयता की भावना तथा देश की एकता को संवैधानिक प्रावधानों का सुदृढ़ आधार प्रदान किया है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा कि गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। पारतन्त्र्याभिभूतस्य देशस्याभ्युदयः कुतः। अतः स्वातन्त्र्यमाप्तव्यमैक्यं स्वातन्त्र्यसाधनम्॥

शाह ने क्या कहा?

समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस अवसर पर सभी स्वाधीनता सेनानियों व मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं। आइए, मोदी जी के नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों को और सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लें।

राजनाथ सिंह का एक्स पोस्ट

गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! आज, हम उस संविधान में अपने विश्वास को फिर से पक्का करते हैं जो हमारे लोकतंत्र, एकता और राष्ट्रीय चरित्र को परिभाषित करता है। हम उन दूरदर्शी लोगों का सम्मान करते हैं जिन्होंने हमारे गणतंत्र को आकार दिया और उन बहादुर बेटों और बेटियों को सलाम करते हैं जो साहस और बलिदान के साथ इसकी रक्षा करते हैं। आइए, एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ें। जय हिन्द!

Created On :   26 Jan 2026 8:17 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story