विपक्ष पर निशाना: आई लव मोहम्मद विवाद पर गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को लिया आडे़ हाथ, दोनों नेताओं को बताया 'नेपो किड'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में इन दिनों 'आई लव मुहम्मद' बनाम 'आई लव महाकाल' को लेकर सियासी घमासन छिड़ा हुआ है। इस विवाद पर अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेगूसराय में मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी भारत में गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं।
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को घेरा
इस दौरान गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को नेपो किड बताया है। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे पर कहा कि अगर ये दोनों बड़े बाप के बेटे नहीं होते तो शायद मोहल्ले के लोग भी इन्हें नहीं पहचानते। केंद्रीय मंत्री ने आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी ने लेह से लेकर मणिपुर तक आगजनी को बढ़ावा दिया था।
गिरिराज सिंह ने कहा कि नेपाल में जो कुछ हुआ, उसी समय से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव देश में आग लगाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि लेह में इन्हीं नेताओं की वजह से आग लगी है। अब ये लोग ही आई लव मुहम्मद करवा रहे हैं।
असदुद्दीन ओवैसी और महबूबा मुफ्ती पर भी साधा निशाना
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी, असदुद्दीन ओवैसी और महबूबा मुफ्ती जैसे नेता ही लोगों को भड़का रहे हैं और देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी 'अर्बन नक्सल' की तरह काम कर रहे हैं, और 'आई लव मुहम्मद' का विवाद भी इसी कड़ी का हिस्सा है, क्योंकि आम लोग अब उनसे दूर होते जा रहे हैं।
इतना ही नहीं, बल्कि गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर देश को अपमानित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शायद इनको देश से ज्यादा विदेश से प्यार हो गया है। तभी विदेशी अखबारों के साथ मिलकर देश को अपमानित करने का काम करते हैं।
Created On :   27 Sept 2025 5:38 PM IST