विधानसभा चुनाव 2025: बिहार में चुनावी बयार, दिग्गजों के जमावड़ा से चुनावी रफ्तार तेज

बिहार में चुनावी बयार, दिग्गजों के जमावड़ा से चुनावी रफ्तार तेज
  • अमित शाह और प्रियंका गांधी के दौरे से चुनावी अभियान को नया मोड़ मिलने की संभावना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के बिहार दौरे से वहां सियासी संग्राम तेज हो गया है। जैसे जैसे चुनावी समय पास आ रहा है, वैसे वैसे चुनावी अभियान भी रफ्तार पकड़ने लगा है। आज बीजेपी के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह बिहार जाने वाले है, वहीं कांग्रेस की प्रियंका गांधी बिहार पहुंच गई है। आज का दिन सूबे की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। आज के ही दिन पीएम मोदी ने 75 लाख परिवार की महिलाओं के लिए एक मुश्त दस हजार रूपए की राशि देने की घोषणा की है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से बिहार के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह आज कोलकाता से कुशीनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 2.30 बजे कुशीनगर से हेलिकॉप्टर के जरिए बेतिया पहुंचेंगे। अमित शाह दोपहर तीन बजे बेतिया में आयोजित बीजेपी की क्षेत्रीय बैठक में शामिल होंगे। वह शाम 5.15 बजे बेतिया से पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पटना पहुंचने के बाद प्रदेश बीजेपी कार्यालय में विधानसभा चुनाव को लेकर हाई लेवल मीटिंग करेंगे। शाह आज रात पटना में ही रुकेंगे। शाह का यह दौरा बीजेपी की चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी आज अपने दौरे की शुरुआत पटना से करने जा रही है। प्रियंका गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक रणनीतिक बैठक करेंगी। साथ ही 200 महिलाओं से संवाद करेगी। मोतिहारी में गांधी एक चुनावी प्रचार अभियान करेगी। कांग्रेस नेता गांधी बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर पार्टी का विजन पेश करेंगी। प्रियंका का यह दौरा कांग्रेस के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है।

प्रियंका गांधी बिहार दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस के ईकाई अध्यक्ष राजेश राम ने कहा आज प्रियंका गांधी बिहार आ रही हैं। सदाकत आश्रम में महिलाओं से वे बातचीत करेंगी, उनकी समस्याएं सुनेंगी और उसके बाद मोतिहारी में हर घर सम्मान सम्मेलन है, जिसमें वे शामिल होंगी। कांग्रेस पार्टी लगातार जनहित के मुद्दे उठाती है। यहां के लोग बेरोज़गारी और गुंडागर्दी से तंग आ चुके हैं और कांग्रेस और INDIA गठबंधन की ओर रुख कर रहे हैं। लोग राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की ओर उम्मीद भरी नज़रों से देख रहे हैं ।

अमित शाह और प्रियंका गांधी दोनों के इस दौरे से बिहार की सियासत में गर्मी आना तय है। आज से चुनावी अभियान को नया मोड़ मिलने की पूरी संभावना है।

Created On :   26 Sept 2025 12:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story