Bihar News: राहुल जहां जाते हैं कांग्रेस की लुटिया...लोकसभा नेता प्रतिपक्ष के बिहार दौरे से पहले भाजपा ने साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। खान सर कोचिंग सेंटर विवाद पर छात्रों से बातचीत करने के लिए लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर बिहार आने वाले हैं। इसके साथ ही उनका मुसल्लहपुर हाट में पदयात्रा का भी कार्यक्रम है। उनके दौरे से पहले राजधानी पटना में सियासी बनायबाजियां तेज हो गई हैं। केंद्रिय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने उन पर तंज कसते हुए कहा जहां जाते हैं कांग्रेस की लुटिया डूब जाती है।
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के दौरे पर कहा, "राहुल गांधी जहां भी जाते हैं कांग्रेस की लुटिया डूब जाती है। बंगाल गए, असम गए, महाराष्ट्र गए, हरियाणा गए। उनके पुराने सहयोगी DMK भी उनसे दूर हो गई. आने का अधिकार उनका है लेकिन जनता कुछ नहीं करने वाली।"
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, "उन्होंने SIR पर कितना खुराफात किया था क्या हुआ? राहुल गांधी जनता की नब्ज को नहीं समझते हैं। बिहार की जनता को तो बिल्कुल नहीं समझते हैं।"
रविशंकर प्रसाद पर कांग्रेस ने किया पलटवार
रविशंकर प्रसाद के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा "उनके संसदीय क्षेत्र में चुनाव होने वाले हैं और विकास के कामों में फिसड्डी रहने के कारण असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं क्योंकि चुनाव में उनकी बची खुची साख भी खतरे में है. वैसे भी जनता अभी बीजेपी के नेताओं को राम मंदिर चंदा चोरी, पेट्रोल-डीजल में इथेनॉल ब्लेंडिंग, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण सुनना तो दूर देखना भी पसंद नहीं कर रही है। सनातनियों को ठगने वालों के मुंह से अब राम नाम शोभा भी नहीं दे रहा है।"
Created On :   6 July 2026 10:55 PM IST




