Rahul Gandhi: पाकिस्तान की भाषा बोल रहे... मोदी को "बालकौट का जादूगर" बताने पर गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर बोला हमला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांगेस पार्टी के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार (17 अप्रैल) को पीएम मोदी को 'जादूगर' बताया। राहुल ने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन (Delimitation) पर चर्चा के दौरान, मोदी को "बालकौट का जादूगर", "नोटबंदी का जादूगर" और "ऑपरेशन सिंदूर का जादूगर" बताते हुए कहा कि अब यह जादूगर फंस गया है। उनके इस बयान पर अब विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने उनके बयान पर आपत्ति जताई है।
यह भी पढ़े -महिला आरक्षण बिल को लेकर जारी नोटिफिकेशन में कुछ भी पारदर्शी नहीं, सिर्फ एक छलावाः कार्ति चिदंबरम
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "वे जादूगर की बात कर रहे थे और मर्यादाहीन बातें करने लगे। मैं उन्हें जोकर नहीं कह सकता, जादूगर भी नहीं कह सकता लेकिन एक्टिंग वे उसी तरह की कर रहे थे। ऑपरेशन सिंदूर पर वे पाकिस्तान की भाषा बोल रहे थे।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा "आज नेता प्रतिपक्ष ने अपने पद की गरिमा को गिराने का काम किया है। उदाहरण देते-देते आपने सारी सीमाएं लांघ दीं और उसे प्रधानमंत्री जी से जोड़ दिया। आप अपनी पार्टी के पहली बार चुने गए सांसदों के सामने कैसा उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं? कहीं न कहीं उन्होंने अपने ही सांसदों के बीच स्वयं को हास्य का विषय बना लिया है। उनके भाषण से मैं बेहद निराश हूं।"
यह भी पढ़े -'महिलाएं देख रहीं, उनकी राह का रोड़ा कौन है’, लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर बोले अमित शाह
चिराग ने कहा, "लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, लेकिन यदि नेता प्रतिपक्ष स्वयं को उपहास का पात्र बनाना चाहते हैं, यदि वे केवल हास्य भाषण देना चाहते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि वे नेता प्रतिपक्ष पद के योग्य हैं। सभी लोग अपनी अंतरात्मा की आवाज़ पर वोट करें। यदि आप इस विधेयक को फिर टालते हैं, तो देश की एक बड़ी आबादी आपको कभी माफ नहीं करेगी।"
Created On :   17 April 2026 8:36 PM IST










