Constitutional Amendment Bill: 'मोदी जी के अहंकार की हार हुई', महिला आरक्षण बिल पास न होने पर अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान

मोदी जी के अहंकार की हार हुई, महिला आरक्षण बिल पास न होने पर अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान
आज लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन विधेयक पास नहीं हो सका। इस पर अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन विधेयक पास नहीं हो सका। 543 सांसदों में से 528 ने वोट डाला। इस तरह यह बहुमत के आंकड़े से 54 वोट पीछे रह गई। बिल को पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत यानि 352 वोट चाहिए थे, लेकिन मिले केवल 298 वोट। वहीं विपक्ष में 230 वोट पड़े।

बिल के पारित न हो पाने के बाद महिला आरक्षण से जुड़े दो अन्य बिल (परिसीमन संशोधन संविधान बिल 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल 2026) सरकार ने मतदान के लिए पेश नहीं किए। बिल के खारिज होने के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है।

PM मोदी के अहंकार की हार

केजरीवाल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहंकार की हार हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'संसद में डिलिमिटेशन बिल फेल हुआ। मोदी जी के अहंकार की हार हुई। अब मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू।'

वहीं, आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी बीजेपी पर तीखा हमला किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, 'डिलिमिटेशन बिल संसद में गिर गया। मोदी और BJP टुकड़े-टुकड़े गैंग की तरह राज्यों को तोड़ना चाहती थी। संसद में महिला आरक्षण बिल नहीं BJP जिताओ बिल लाया गया था। BJP अपनी सीटें बढ़ाने की साज़िश रच रही थी जो बुरी तरह नाकाम हो गई।'

एनडीए महिला सांसदों ने किया प्रोटेस्ट

बिल के गिरने के बाद सदन में भारी हंगामा हुआ। जहां एक तरफ इंडिया गठबंधन के सांसदों ने खुशी जाहिर की, तो वहीं दूसरी तरफ एनडीए सांसदों ने विपक्ष को महिला विरोधी बताया। बीजेपी और एनडीए की महिला सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार से प्रदर्शन की शुरुआत की गई। इस दौरान महिला सांसदों ने ‘महिला का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाए।

Created On :   17 April 2026 11:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story