UP Cabinet Expansion: 'समय बिताने के लिए...', योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव ने ली चुटकी

समय बिताने के लिए..., योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव ने ली चुटकी
उत्तर प्रदेश में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। इस बार मंत्रिमंडल में 6 नए चेहरों को शामिल किया गया।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। इस बार मंत्रिमंडल में 6 नए चेहरों को शामिल किया गया। वहीं, दो मंत्रियों का प्रमोशन किया गया। योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विपक्ष से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव निशाना साधने से नहीं चूंके। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसा।

योगी सरकार के मंत्रिमंडल पर अखिलेश यादव का तंज

एक्स पर अखिलेश यादव ने अपने एकाउंस से पोस्ट करते हुए लिखा कि समय बिताने के लिए करना है कुछ काम! उन्होंने कहा कि वैसे भी मंत्रिमंडल के विस्तार में तो इनका कोई काम है नहीं। उधर से पर्ची आएगी, यहां तो सिर्फ पढ़ी जाएगी। बीजेपी राज में वैसे भी CM का मतलब बस (Courier-Messenger) यही रह गया है।

अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि वैसे जनता पूछ रही है कि फिल्म सबसे आगे बैठकर देखेंगे या पीछे बैठकर? जनता का अनुरोध है कि फिल्म ध्यान से देखिएगा। हो सकता है 'कर्मफल-कंसफल' का सिद्धांत समझकर कुछ जागरण हो जाए और कुछ अच्छा बदलाव भी हो जाए।

सोशल मीडिया एक्स पर किया ट्वीट

सपा चीफ ने आगे कहा कि हम तो यही मानते हैं कि मूल रूप से व्यक्ति नहीं उसका 'लालच-लोभ' ही बुरा होता है, जो धीरे-धीरे उसका दुराचरण बन जाता है। बुराई इंसान को और बुरा बनाती जाती है। इसके विपरीत ये भी सच है कि जब व्यक्ति 'स्वार्थ' को छोड़कर 'परमार्थ' के मार्ग पर चल निकलता है तो सकारात्मक परिवर्तन आ सकता है, वो मानवता के लिए सार्थक साबित हो सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि अपने अंदर की सौ बुराइयों के ऊपर चंद अच्छाइयां जीत हासिल कर सकती हैं, यही महाकाव्यों का गहरा आंतरिक संदेश है। अपनी गलतियों और दुर्भावनाओं के लिए प्रायश्चित करने का कोई स्थान नियत नहीं होता है, इसके लिए अंदर का प्रकाश चाहिए जो सैकड़ों लोगों के बीच 'अंधेरे बंद परिसर' में भी हो सकता है।

Created On :   10 May 2026 7:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story