मानसून सत्र: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में आज से गरमाएगा विधानसभा सदन, सत्र शुरु होने के साथ ही हंगामे के आसार

- 550 से अधिक प्रश्न मंत्रियों की परीक्षा लेंगे
- वार्षिक लेखा रिपोर्ट सदन के पटल पर रखा जाएगा
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी गैरसैंण पहुंचे
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चार दिवसीय विधानसभा सत्र की आज से शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गैरसैंण पहुंचे। वहां कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों का भी भराड़ीसैंण पहुंचने का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में पहुंचे सरकारी वाहनों और अमले के शोर ने भराड़ीसैंण का सन्नाटा तोड़ दिया है।
संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मीडिया को बताया कि मानसून सत्र में सरकार नौ विधेयकों के अलावा विभिन्न विभागों की प्रतिवेदन व वार्षिक लेखा रिपोर्ट को सदन पटल पर रखेगी। सदन में विपक्ष के हर सवाल का सरकार मजबूती से जवाब देगी। सरकार की पूरी तैयारी है कि विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाए।
विपक्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार, विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करेगा। सदन के भीतर आपदा, त्रिस्तीरय पंचायत चुनाव में कथित गड़बड़ी, कानून व्यवस्था के मुद्दे पर हंगामे के आसार हैं। उधर सत्ता पक्ष ने भी विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए रणनीति बनाई है। साथ ही सदन पटल पर सदस्यों के लगभग 550 से अधिक प्रश्न मंत्रियों की परीक्षा लेंगे।
सत्र के दौरान आपदा और पंचायत चुनाव में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर सदन गरमाने के आसार हैं। सरकार वित्तीय आवश्यकताओं के लिए अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही सरकार उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम में संशोधन समेत नौ विधेयक पारित कराने के लिए लाएगी। सत्र शुरू होने से दो दिन पहले भराड़ीसैंण पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने सत्र के आयोजन की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और विस सचिवालय के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
Created On :   19 Aug 2025 9:48 AM IST