बिहार विधानसभा चुनाव 2025: विपक्षी गठबंधन इंडिया में कांग्रेस को कम सीटों पर चुनाव लड़ने की नसीहत, पिछले चुनाव से सबक लेने को भी कहा

- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन ने पिछले चुनाव से सबक लेने की कही बात
- 2015 में 40 सीटों पर चुनाव लड़ी कांग्रेस को 27 सीटों पर विजय प्राप्त हुई थी
- 2020 में 70 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटें मिली
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर अलग गठबंधनों में शामिल पार्टियों के बीच बातचीत का दौर चल रहा है। विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कुछ उम्मीद जताई है। पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य का कहना है कि पिछले चुनाव से सबक लेते हुए कांग्रेस इस बार सीट बंटवारे की बातचीत में ज्यादा यथार्थवादी रुख अपनाएगी। भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस को 2020 के विधानसभा चुनाव से सबक लेना चाहिए, जब उसने अपनी क्षमता से ज्यादा सीट मांग ली थीं, लेकिन प्रदर्शन बहुत कमजोर रहा। दीपंकर भट्टाचार्य ने कांग्रेस के साथ साथ आरजेडी से भी सीट बंटवारे में लचीलापन दिखाने की बात कही है।
कांग्रेस के कुछ नेता 70 सीट मांग रहे है, जबकि 2020 में 70 सीट पर चुनाव लड़ा जिनमें से केवल 19 सीट पर जीत मिली थी। 2015 में 40 सीटों पर चुनाव लड़ी कांग्रेस को 27 सीटों पर विजय प्राप्त हुई थी। मतदाता अधिकार यात्रा और एसआईआर के चलते सीट बंटवारे में देरी हुई। गठबंधन में इस महीने के अंत तक तस्वीर साफ हो जाएगी। भट्टाचार्य ने आगे कहा अबकी बार कांग्रेस पिछली बार से कम सीट पर चुनाव लड़े, और बेहतर प्रदर्शन करे, जो उनके और इंडिया गठबंधन के लिए अच्छा होगा।
दीपंकर भट्टाचार्य ने ऐसा इसलिए कहा है, क्योंकि इस बार विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में कई नए दलों के शामिल होने की संभावना है। आगामी चुनाव में अपनी पार्टी की भूमिका को लेकर भट्टाचार्य ने कहा हमारी पार्टी इस बार 40 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है, आपको बता दें पिछली बार इनकी पार्टी ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने इंडिया गठबंधन की जीत पर तेजस्वी यादव को ही सीएम चेहरा बनाने की बात कही।
Created On :   19 Sept 2025 2:25 PM IST