दिल्ली: विपक्षी नेताओं ने कार ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार और गृह मंत्री पर साधा निशाना

विपक्षी नेताओं ने  कार ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार और गृह मंत्री पर साधा निशाना
विपक्षी नेताओ ने केंद्र और शाह पर निशाना साधते हुए लापरवाही और नाकामी के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिन नेताओं ने आरोप लगाया है, उनमें कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खड़गे,टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय,महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले शामिल है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट को लेकर विपक्ष के नेताओं ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर हमला किया है। विपक्षी नेताओ ने केंद्र और शाह पर निशाना साधते हुए लापरवाही और नाकामी के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिन नेताओं ने आरोप लगाया है, उनमें कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खड़गे,टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय,महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले शामिल है।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भी केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया। पटोले ने कहा अगर हमारी राष्ट्रीय राजधानी सुरक्षित नहीं है, ‘56 इंच’ को इसका जवाब देना होगा। हम राजनीति नहीं करना चाहते, लेकिन यह सरकार देश को सुरक्षित रखने में विफल रही है। शाह को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

पटोले ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रही है। उन्होंने कहा पहलगाम घटना के वक्त राहुल गांधी ने भी कहा था कि हम सरकार के साथ हैं, लेकिन अब बीजेपी इस घटना को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम पर राजनीतिक रंग दे रही है, जो पूरे देश ने देखा।

कर्नाटक मंत्री प्रियांक खरगे ने अमित शाह को आजाद भारत का सबसे अयोग्य गृह मंत्री बताया हैं। कांग्रेस नेता ने कहा किसी और देश या राज्य में होते तो उन्हें कैबिनेट से बाहर कर दिया जाता। लेकिन अमित शाह प्रधानमंत्री मोदी के राजदार हैं, इसलिए अछूते है। आखिर गृह मंत्री को जवाबदेह क्यों नहीं ठहराया जा रहा? क्या वे सिर्फ सरकारें गिराने और राजनीति करने के लिए हैं? उनकी अक्षमता के कारण और कितनी जानें जाएंगी?

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कार ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राय ने कहा कि सरकार दावा करती है कि कोई घुसपैठिया देश में नहीं आ रहा, तो फिर ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं? राय ने कहा कुछ दिन पहले हमारे बच्चे पहलगाम में मारे गए... सब कुछ देखने के बाद भी ये कहते हैं कि सब ठीक कर देंगे। 2019 के चुनाव से ठीक पहले पुलवामा हमला हुआ था, लेकिन आज तक कोई जांच नहीं हुई। पूरे देश में तनाव का माहौल है और कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है। राय ने कहा जिम्मेदारी लेते हुए अमित शाह को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और घर जाना चाहिए। गृह मंत्री कल चुनाव में बिजी थे, जबकि देश हादसों से जूझ रहा था। यह सरकार की नाकामी है।

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा भारत को एक सक्षम गृह मंत्री चाहिए, न कि ‘फुल टाइम हेट कैंपेन मिनिस्टर’। क्या अमित शाह का कर्तव्य सिर्फ नफरत फैलाना है? वे देश की सीमाओं और राजधानी दोनों की सुरक्षा में क्यों असफल हो रहे हैं? उन्होंने कहा कि यह हादसा देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

Created On :   11 Nov 2025 2:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story